HomeBreaking News'राष्ट्र प्रतीकों का अपमान अब नहीं चलेगा, ये भारत की आन-बान-शान', तिरंगा...

‘राष्ट्र प्रतीकों का अपमान अब नहीं चलेगा, ये भारत की आन-बान-शान’, तिरंगा यात्रा के दौरान लखनऊ में गरजे CM योगी

CM Yogi Tiranga Yatra: देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस से पहले आज उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में विशाल ‘तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया गया। इस यात्रा में 25 से 30 हजार से ज्यादा युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं की ऊर्जा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और राष्ट्रहित में लिए गए ऐतिहासिक फैसलों की सराहना की है।

युवा शक्ति को सही मंच जरूरी

सीएम योगी ने कहा कि यह अवसर बेहद खास है, क्योंकि कुछ ही दिनों बाद 15 अगस्त को पूरा देश अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। उन्होंने कहा, ‘हमारी युवा पीढ़ी में देश के सामने आने वाली हर चुनौती से निपटने की अद्भुत क्षमता है। इस युवा ऊर्जा को आगे बढ़ने के लिए एक सही मंच मिलना बेहद जरूरी है।’

देशभर में तिरंगा यात्रा की शुरुआत

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘बीजेपी आज पूरे देश में इस ‘तिरंगा यात्रा’ की शुरुआत कर रही है।’ उन्होंने कहा कि लखनऊ में 30 हजार से ज्यादा लोग मौजूद हैं और उनकी भागीदारी राष्ट्र के प्रति लोगों की कृतज्ञता को दर्शाती है। तिरंगा यात्रा के दौरान युवाओं ने राष्ट्रध्वज के साथ देशभक्ति का संदेश दिया।

ध्वज संहिता में बदलाव का जिक्र

CM योगी ने ध्वज संहिता में किए गए संशोधनों का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘पहले कांग्रेस के शासनकाल में घर पर तिरंगा लगाने के लिए लोगों को अदालतों तक लड़ाई लड़नी पड़ती थी। लेकिन PM मोदी ने कानून में संशोधन कर 140 करोड़ भारतीयों को अपने घरों पर शान से तिरंगा फहराने का हक और आजादी दी। हमारा ये तिरंगा हमारी सादगी, विकास और समृद्ध विरासत का प्रतीक है।’

राष्ट्र प्रतीकों के सम्मान पर सख्त संदेश

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद 1947 में ही जो काम हो जाना चाहिए था, उसे पूरा होने में 75 साल लग गए। CM योगी ने कहा कि कुछ लोगों के लिए सत्ता सर्वोपरि थी, जबकि पीएम मोदी के लिए ‘नेशन फर्स्ट’ का भाव सबसे ऊपर है।

‘अपमान करने वालों पर होगी कार्रवाई’

राष्ट्र प्रतीकों के अपमान को लेकर सीएम योगी ने सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के राष्ट्रीय प्रतीकों का अपमान करने वालों को सजा देने का सख्त फैसला लिया है। अब ऐसा बिल्कुल नहीं चलेगा कि कोई भारत में रहे और देश के प्रतीकों, महापुरुषों, राष्ट्रगान या राष्ट्रगीत का अपमान करे।’

हर घर पर तिरंगा फहराने की अपील

सीएम योगी ने लोगों से 15 अगस्त से पहले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर घर पर तिरंगा लहराया जाए और प्रत्येक नागरिक के दिल में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान का भाव होना चाहिए।

Read More:

‘Gen-Z को गुमराह करने की कोशिश हुई इसलिए…’ पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने तोड़ी चुप्पी

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments