PM Modi SCO Civilization Dialogue Forum: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार आज दिल्ली के ऐतिहासिक पुराने किले में पहले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सभ्यता संवाद मंच का उद्घाटन करेंगे। शाम करीब 5:30 बजे होने वाले इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री लोगों को संबोधित भी करेंगे। भारत की अध्यक्षता में आयोजित यह मंच 22 नवंबर तक चलेगा। इसकी खास बात यह है कि इस आयोजन का विचार खुद पीएम मोदी ने साल 2025 में चीन के तियानजिन में आयोजित SCO शिखर सम्मेलन के दौरान दिया था। अब करीब एक साल बाद उनका यह प्रस्ताव धरातल पर उतरने जा रहा है।
चीन में PM मोदी ने रखा था प्रस्ताव
प्रधानमंत्री मोदी ने 2025 में तियानजिन में हुए SCO शिखर सम्मेलन के दौरान संगठन के तहत सभ्यताओं के बीच संवाद के लिए एक समर्पित मंच बनाने का सुझाव दिया था। उनके इस प्रस्ताव का सदस्य देशों ने सर्वसम्मति से समर्थन किया। बाद में SCO के बिश्केक घोषणापत्र में भी इस पहल का स्वागत किया गया। अब भारत में पहले SCO सभ्यता संवाद मंच के आयोजन के साथ इस विचार को वास्तविक रूप दिया जा रहा है।
सभ्यता संवाद मंच के क्या हैं प्रमुख उद्देश्य?
इस आयोजन का मकसद SCO क्षेत्र की समृद्ध और एक-दूसरे से जुड़ी सभ्यतागत विरासत को सामने लाना है। इसके जरिए सदस्य देशों के लोगों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने और अलग-अलग संस्कृतियों के बीच संवाद व सहयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा। भारत इस पहल के माध्यम से सभ्यताओं के बीच सांस्कृतिक संबंधों को एक नया मंच देने की कोशिश कर रहा है।
उद्घाटन समारोह में दिखेगी भारत और यूरेशिया की सांस्कृतिक झलक
कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर ‘सभ्यताओं का संवाद-सांस्कृतिक कार्यक्रम’ प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें संगीत, नृत्य, विजुअल स्टोरी टेलिंग और वर्णन के माध्यम से सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। ‘वसुधैव कुटुंबकम-पूरी दुनिया एक परिवार है’ की थीम पर आधारित यह प्रस्तुति भारत और यूरेशिया के बीच ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को उजागर करेगी। पुराने किले का ऐतिहासिक परिसर इस आयोजन के आकर्षण को और बढ़ाएगा।
पुराने किले में दिखेगी 2,400 साल की ऐतिहासिक विरासत
SCO सभ्यता संवाद मंच के दौरान ‘अस्तित्व-हमारे होने का सार’ शीर्षक से विशेष प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। इनमें भारत की पुरातात्विक, कलात्मक और साहित्यिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। प्रदर्शनी में 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक के पुरातात्विक साक्ष्य शामिल होंगे। इनमें खुदाई से प्राप्त अवशेष, कलाकृतियां, वास्तुकला के टुकड़े और अन्य अहम खोजों के जरिए दिल्ली के ऐतिहासिक विकास की झलक दिखाई जाएगी।
महाभारत की कहानी से रूबरू होंगे दर्शक
इस आयोजन का एक प्रमुख आकर्षण ‘महाभारत स्क्रॉल पैवेलियन-अनंत’ होगा। यहां 18वीं सदी का एक दुर्लभ चित्रित महाभारत स्क्रॉल प्रदर्शित किया जाएगा। इसके माध्यम से दर्शकों को भारत की समृद्ध महाकाव्य परंपरा और प्राचीन कलात्मक विरासत को करीब से देखने का अवसर मिलेगा। यह प्रदर्शनी महाभारत की कालजयी कथा के साथ भारतीय चित्रकला की बारीकियों को भी सामने लाएगी।
21 और 22 नवंबर को होंगे चार विषयगत सत्र
उद्घाटन के बाद 21 और 22 नवंबर को चार विषयगत सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें विद्वान, शिक्षाविद, विषय विशेषज्ञ और विभिन्न देशों के सांस्कृतिक प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। चर्चाओं में संगीत और प्रदर्शन कला, वस्त्र, खान-पान, पारंपरिक खेल, कला एवं वास्तुकला की साझा परंपराएं शामिल होंगी। इसके अलावा भाषा और साहित्यिक परंपराओं, लिपियों, पांडुलिपियों, मठों से जुड़े मार्गों और दार्शनिक परंपराओं जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
16वीं सदी का ऐतिहासिक किला बनेगा आयोजन का केंद्र
दिल्ली का पुराना किला मथुरा रोड के पास स्थित है। यह 16वीं शताब्दी का ऐतिहासिक पत्थर का किला है, जिसे मुगल बादशाह हुमायूं ने ‘दीनपनाह’ के रूप में बनवाना शुरू किया था। वर्तमान में यह दिल्ली के प्रमुख ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों में शामिल है। पर्यटकों के लिए किला सप्ताह के सभी दिन सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक खुला रहता है। ऐसे ऐतिहासिक परिसर में SCO सभ्यता संवाद का आयोजन भारत की सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
Read More:

