Trump-Putin-Xi Meeting: दुनिया की तीन सबसे बड़ी परमाणु शक्तियों अमेरिका, रूस और चीन के राष्ट्राध्यक्ष गुरुवार,19 नवंबर, 2026 को एक ऐतिहासिक बैठक के लिए एक मंच पर आए। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच चीन के शेनझेन में APEC समिट के दौरान करीब 90 मिनट तक बातचीत हुई। इस पहली त्रिपक्षीय बैठक में परमाणु हथियारों, अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा, ऊर्जा आपूर्ति और वैश्विक संघर्षों जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक के बाद तीनों देशों की ओर से संयुक्त शांति घोषणा जारी की गई।
चीन के विदेश मंत्रालय ने जारी किया संयुक्त बयान
चीन के विदेश मंत्रालय ने 19 नवंबर को तीनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों की ओर से अपनाई गई संयुक्त घोषणा जारी की। इसमें रूस और अमेरिका के राष्ट्रपतियों ने ऐतिहासिक त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने के लिए चीन का आभार जताया। तीनों नेताओं ने मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों पर विचारों का आदान-प्रदान किया और रणनीतिक स्थिरता व अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा बनाए रखने की बात दोहराई।
संयुक्त राष्ट्र में सुधार पर बनी सहमति
संयुक्त घोषणा में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) के स्थायी सदस्य होने के नाते तीनों देशों ने संयुक्त राष्ट्र में सुधार पर जोर दिया। उनका मानना है कि संयुक्त राष्ट्र को वैश्विक चुनौतियों से अधिक प्रभावी ढंग से निपटने में सक्षम बनाया जाना चाहिए। साथ ही, उसे अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा बनाए रखने के अपने मूल उद्देश्य के अनुरूप काम करना चाहिए।
तेल उत्पादन और ऊर्जा आपूर्ति बढ़ाने पर जोर
बैठक में ऊर्जा सुरक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। तीनों देशों ने दुनिया के सभी देशों के हित में रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों के उत्पादन और आपूर्ति को बढ़ाने की योजना पर सहमति जताई। इसके साथ ही वैश्विक स्तर पर ऊर्जा की स्थिर और निर्बाध आपूर्ति के महत्व को दोहराया गया।
ICC के अधिकार क्षेत्र पर भी हुई चर्चा
अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) के अधिकार क्षेत्र को लेकर भी तीनों नेताओं के बीच बातचीत हुई। संयुक्त घोषणा में कहा गया कि देशों की सहमति के सिद्धांत और उनके अधिकारियों को प्राप्त विशेषाधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए। साथ ही, ICC और इस तरह की अन्य संस्थाओं को अपने अधिकार क्षेत्र का दुरुपयोग नहीं करना चाहिए।
परमाणु युद्ध को लेकर तीनों देशों ने क्या कहा?
बैठक का सबसे अहम मुद्दा परमाणु हथियारों का खतरा कम करना रहा। तीनों राष्ट्राध्यक्षों ने दोहराया कि परमाणु युद्ध न तो जीता जा सकता है और न ही कभी लड़ा जाना चाहिए। उन्होंने परमाणु जोखिमों को कम करने और परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने के लिए आपसी बातचीत जारी रखने पर सहमति जताई।
ट्रंप ने बताया इतिहास रचने का मौका
बैठक से पहले ट्रंप ने शी जिनपिंग और पुतिन को अपना मित्र बताते हुए कहा था कि अमेरिका, रूस और चीन परमाणु हथियारों की संख्या कम करने और उनके इस्तेमाल का खतरा घटाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने इस मुलाकात को इतिहास रचने का अवसर बताया। अपनी शुरुआती टिप्पणी में ट्रंप ने ICC की आलोचना करते हुए उसे ‘मनमानी करने वाला वैश्विक संगठन’ कहा।
शी और पुतिन ने भी रखे अपने विचार
शी जिनपिंग ने विश्व शांति के लिए तीनों देशों के बीच करीबी सहयोग को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि बड़ी शक्तियों को संवेदनशील मुद्दों पर एक-दूसरे की ‘रेड लाइन’ का उल्लंघन नहीं करना चाहिए। साथ ही उन्होंने परमाणु मुक्त दुनिया की वकालत करते हुए परमाणु हथियारों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने और उन्हें नष्ट करने की बात कही। वहीं, पुतिन ने अंतरराष्ट्रीय शांति बनाए रखने को तीनों देशों की साझा जिम्मेदारी बताया।
घोषणा के बावजूद नहीं निकला कोई ठोस रास्ता
हालांकि बैठक के बाद तीनों नेताओं के बयानों में सकारात्मकता दिखाई दी, लेकिन परमाणु हथियारों की होड़ पर लगाम लगाने के लिए कोई ठोस समझौता सामने नहीं आया। शी जिनपिंग ने बातचीत को सकारात्मक और रचनात्मक बताया, जबकि पुतिन ने इसे खुली और स्पष्ट चर्चा करार दिया। दूसरी ओर, ट्रंप पत्रकारों से बातचीत किए बिना ही बैठक स्थल से रवाना हो गए और एयरफोर्स वेन में सवार हो गए।
ट्रंप के लिए बड़ी कूटनीतिक उपलब्धि क्यों?
इस बैठक को ट्रंप की बड़ी कूटनीतिक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। अमेरिका के दो प्रमुख रणनीतिक प्रतिद्वंद्वियों चीन और रूस को एक साथ बातचीत की मेज पर लाना अपने आप में अहम माना जा रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक, भले ही इस बैठक से तत्काल कोई ठोस परमाणु समझौता नहीं हुआ, लेकिन इससे भविष्य में परमाणु हथियारों की संख्या घटाने, जोखिम कम करने और तीनों देशों के बीच नियमित बातचीत का रास्ता खुल सकता है।
Read More:
दादी के अंतिम संस्कार के लिए 21 नवंबर को अमृतसर आएंगे अमृतपाल सिंह, परिवार ने जमा कराए 10 लाख रुपये

