केंद्र सरकार ने वाहनों के प्रदूषण जांच सर्टिफिकेट यानी PUC (Pollution Under Control) को लेकर नए नियम जारी किए हैं। इन बदलावों के बाद अब BS-VI मानक वाली निजी गाड़ियों के मालिकों को बार-बार प्रदूषण जांच कराने की जरूरत नहीं होगी। सरकार ने गाड़ियों की उम्र के हिसाब से PUC सर्टिफिकेट की वैधता तय की है। यानी आपकी गाड़ी जितनी पुरानी होगी, उतनी जल्दी आपको उसका नया सर्टिफिकेट बनवाना पड़ेगा।
निजी BS-VI गाड़ियों के लिए क्या हैं नए नियम?
नई व्यवस्था के मुताबिक, निजी BS-VI गाड़ियों के लिए PUC की वैधता इस प्रकार होगी:
-
6 साल तक पुरानी गाड़ी: एक बार बनवाया गया PUC सर्टिफिकेट 3 साल तक मान्य रहेगा।
-
6 से 10 साल पुरानी गाड़ी: हर साल प्रदूषण जांच कराकर सर्टिफिकेट रिन्यू कराना होगा।
-
10 साल से ज्यादा पुरानी गाड़ी: प्रत्येक 6 महीने में नया PUC बनवाना जरूरी होगा।
उदाहरण के तौर पर, अगर आपकी निजी BS-VI कार 5 साल पुरानी है, तो आपको हर छह महीने या हर साल PUC कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी। एक बार सर्टिफिकेट बनवाने के बाद वह तीन साल तक वैध रहेगा।
कमर्शियल गाड़ियों के लिए अलग व्यवस्था
सरकार ने BS-VI कमर्शियल यानी व्यावसायिक वाहनों के लिए अलग नियम बनाए हैं। इनके तहत:
-
6 साल तक पुरानी गाड़ी: PUC सर्टिफिकेट 2 साल तक वैध रहेगा।
-
6 से 10 साल पुरानी गाड़ी: हर साल सर्टिफिकेट रिन्यू कराना होगा।
-
10 साल से ज्यादा पुरानी गाड़ी: हर 6 महीने में प्रदूषण जांच जरूरी होगी।

