HomeBreaking Newsअयोध्या से जनकपुर धाम तक दौड़ेगी ट्रेन! भारत-नेपाल के बीच मजबूत होंगे...

अयोध्या से जनकपुर धाम तक दौड़ेगी ट्रेन! भारत-नेपाल के बीच मजबूत होंगे रिश्ते, बिहार के 5 जिलों को मिलेगी बड़ी सौगात

भारत और नेपाल के धार्मिक एवं सांस्कृतिक रिश्तों को और मजबूती मिलने जा रही है। भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम(Ayodhya to Janakpur Dham) अब सीधे रेल मार्ग से जुड़ने जा रहे हैं। दोनों शहरों के बीच साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की तैयारी पूरी हो रही है। रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद 23 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

इस ट्रेन का नाम जनकपुरधाम-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस रखा गया है। इसका ट्रेन नंबर 15595 और 15596 होगा। करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस ट्रेन से भारत और नेपाल के यात्रियों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

बिहार के इन जिलों से होकर गुजरेगी ट्रेन

नई एक्सप्रेस ट्रेन जयनगर के रास्ते भारत में प्रवेश करेगी। इसके बाद यह बिहार के मधुबनी, दरभंगा के शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल और नरकटियागंज से होते हुए उत्तर प्रदेश पहुंचेगी। आगे गोरखपुर, बस्ती और मनकापुर के रास्ते ट्रेन अयोध्या कैंट पहुंचेगी। जयनगर स्टेशन पर कस्टम जांच के लिए ट्रेन 10 मिनट रुकेगी।

जानिए ट्रेन का पूरा टाइम टेबल

ट्रेन नंबर रूट और समय
15595 शनिवार दोपहर 1:10 बजे जनकपुरधाम से रवाना, रविवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी
15596 सोमवार शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से रवाना, मंगलवार दोपहर 12:40 बजे जनकपुरधाम पहुंचेगी

प्रमुख स्टेशनों पर समय:

  • जयनगर: जाते समय दोपहर 2:10 बजे, वापसी में सुबह 8:30 बजे

  • सीतामढ़ी: जाते समय शाम 7 बजे, वापसी में सुबह 4:42 बजे

  • नरकटियागंज: जाते समय रात 10:50 बजे, वापसी में रात 1:50 बजे

  • गोरखपुर: जाते समय सुबह 3:55 बजे, वापसी में रात 10:13 बजे

धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

इस ट्रेन का सीतामढ़ी में ठहराव खास महत्व रखता है। सीतामढ़ी को माता जानकी की जन्मभूमि माना जाता है और यहां पुनौरा धाम स्थित है।

वहीं नेपाल के जनकपुरधाम में प्रसिद्ध जानकी मंदिर है। नई रेल सेवा शुरू होने से श्रद्धालु अयोध्या में रामलला के दर्शन करने के बाद सीतामढ़ी और जनकपुरधाम की यात्रा भी आसानी से कर सकेंगे।

स्थानीय कारोबार को भी होगा फायदा

इस ट्रेन से सिर्फ यात्रियों को ही सुविधा नहीं मिलेगी बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। अयोध्या, मिथिलांचल और जनकपुरधाम में पर्यटकों की संख्या बढ़ने से होटल, परिवहन, स्थानीय दुकानदारों और हस्तशिल्प से जुड़े कारोबारियों को लाभ मिल सकता है। कुल मिलाकर, यह रेल सेवा भारत और नेपाल के बीच यात्रा के साथ-साथ सांस्कृतिक संबंधों को भी नई मजबूती दे सकती है।

यह भी पढ़ें : दिल्ली एयरपोर्ट में घुसपैठ की कोशिश नाकाम! अलर्ट CISF जवानों ने चंद सेकंड में…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments