CM Yogi Ki Pati: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में आयोजित होने वाले 10वें भव्य एवं दिव्य दीपोत्सव से पहले प्रदेशवासियों के नाम अपनी 49वीं ‘पाती’ जारी की है। मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों को दीपोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए परिवार और मित्रों के साथ अयोध्या धाम पहुंचकर इस भव्य आयोजन का साक्षी बनने का आत्मीय निमंत्रण दिया।
सनातन चेतना और सांस्कृतिक गौरव का पर्व
सीएम योगी ने अपने संदेश में कहा कि अयोध्या का दीपोत्सव केवल एक पारंपरिक आयोजन नहीं है, बल्कि भारत की सनातन चेतना के पुनर्जागरण, सांस्कृतिक गौरव और आस्था के साथ अर्थव्यवस्था के अनूठे संगम का प्रतीक बन चुका है। मां सरयू के तट और राम की पैड़ी पर जगमगाते लाखों दीप अयोध्या की भव्यता को और बढ़ाते हैं। दीपों की रोशनी के बीच ऐसा दृश्य दिखाई देता है, मानो अयोध्या की धरती पर आकाशगंगा उतर आई हो।
भरत के त्याग से मिला दायित्व का संदेश
मुख्यमंत्री ने रामायण के प्रसंग का उल्लेख करते हुए भरत जी के त्याग को याद किया। उन्होंने कहा कि 14 वर्षों तक भरत जी ने राजसुख का त्याग किया और प्रभु श्रीराम की चरण पादुकाओं को सिंहासन पर प्रतिष्ठित कर राज्य का संचालन किया। यह प्रसंग बताता है कि “सत्ता का वास्तविक अर्थ अधिकार नहीं, बल्कि दायित्व है।” योगी ने कहा कि अयोध्या का दीपोत्सव त्याग, मर्यादा और समर्पण की इसी भावना को पूरी दुनिया के सामने प्रस्तुत कर रहा है।

प्रकाश से सुरक्षा और सुरक्षा से विकास
सीएम योगी ने दीपोत्सव को उत्तर प्रदेश की बदलती पहचान और विकास से भी जोड़ा। उन्होंने कहा, “हमारा स्पष्ट विश्वास है कि जहां प्रकाश है, वहां सुरक्षा का वास है। जहां सुरक्षा है, वहां निवेश के अवसर हैं। जहां निवेश है, वहां विकास है। और जहां विकास है, वहीं रोजगार तथा सुख-समृद्धि है।” मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश की ‘उत्सव प्रदेश’ के रूप में उभरती पहचान को भी रेखांकित किया।
स्थानीय कारोबार को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री के अनुसार दीपोत्सव का सीधा लाभ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलता है। इस आयोजन से कुम्हारों, मिट्टी के दीये बनाने वाले कारीगरों, पुष्प विक्रेताओं, हस्तशिल्पियों और होटल कारोबार से जुड़े लोगों के लिए आय और रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से ‘वोकल फॉर लोकल’ को अपनाने और स्थानीय कारीगरों के बनाए दीये तथा अन्य सामान खरीदने की अपील की।
वंचित परिवारों की दीपावली भी करें रोशन
योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों और विशेष रूप से युवाओं से जरूरतमंद लोगों की मदद करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि आसपास कोई गरीब या वंचित परिवार है तो अपनी क्षमता के अनुसार उसकी दीपावली भी रोशन करें। ऐसे परिवारों को दीये, मिठाइयां और नए कपड़े देकर उनके जीवन में खुशियां लाने की कोशिश करनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने इसे दीपोत्सव की सच्ची भावना बताया।
युवाओं से सकारात्मक रहने की अपील
मुख्यमंत्री ने युवाओं से दीपक के प्रकाश की तरह सकारात्मक ऊर्जा से जुड़ने और नकारात्मकता से दूर रहने की अपील की। साथ ही उन्होंने लोगों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया और कहा कि स्वच्छता में ही लक्ष्मी का वास होता है। अपनी 49वीं पाती के अंत में सीएम योगी ने ‘सियावर रामचंद्र की जय’ का उद्घोष करते हुए सभी प्रदेशवासियों के जीवन में खुशहाली, सद्भाव और निरंतर प्रगति की मंगलकामना की।
Read More:
कुशीनगर में कार और ट्रेलर की भीषण टक्कर, एक ही परिवार के 5 समेत 6 की मौत, 2 की हालत नाजुक


[…] CM Yogi Ki Pati: CM योगी ने लिखी 49वीं पाती, अयोध्या… […]