वाराणसी में अगले सप्ताह होने वाले एयर शो से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। नमो घाट को अति संवेदनशील घोषित करते हुए शुक्रवार से आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। घाट की ओर जाने वाले गेट बंद कर दिए गए हैं और पुलिस के साथ निजी सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। यहां 22, 24 और 25 अक्टूबर को एयर शो आयोजित होना है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई वीवीआईपी के शामिल होने की संभावना है। एयर शो की तैयारियों के तहत वायुसेना और सेना की टीमें घाट पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटी हैं। वीवीआईपी मेहमानों के लिए विशेष ग्रीन रूम और मंच तैयार किए जा रहे हैं। प्रशासन सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और दर्शकों की सुविधाओं को लेकर लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रहा है।
नमो घाट के फेज-2 पर वायुसेना की निगरानी
नमो घाट के फेज-2 को वायुसेना ने अपनी निगरानी में ले लिया है। यहां संचार उपकरणों का सेटअप स्थापित किया गया है, ताकि एयर शो के दौरान वायुसेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बना रहे। सुरक्षा के मद्देनजर इस हिस्से में आम लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है।
घाट के प्रवेश द्वार बंद करने के साथ पुलिसकर्मियों और निजी गार्डों को तैनात किया गया है। अनधिकृत प्रवेश रोकने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। जानकारी के मुताबिक, एयर शो समाप्त होने के तुरंत बाद भी प्रतिबंध नहीं हटेगा। कार्यक्रम के एक दिन बाद तक क्षेत्र में आवाजाही पर रोक रहने की संभावना है, ताकि संचार उपकरणों और अन्य संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
26 अक्टूबर तक गंगा किनारे पतंगबाजी पर रोक
एयर शो को देखते हुए नगर निगम ने गंगा किनारे और आसपास के इलाकों में 26 अक्टूबर तक पतंग उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा है कि प्रतिबंध के बावजूद पतंगबाजी करते पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, 22 अक्टूबर से पहले लड़ाकू विमानों के ट्रायल की भी चर्चा है। हालांकि, इस संबंध में सेना की ओर से आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है। तैयारियों के बीच प्रशासन सुरक्षा को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहता। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी तरह की लापरवाही न हो।
तीन दिन में 30 लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान
नमो घाट पर होने वाले तीन दिवसीय एयर शो में करीब 30 लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। इतनी बड़ी भीड़ को संभालने के लिए गंगा किनारे पाथ-वे तैयार करने, जमीन समतल करने और बैरिकेडिंग का काम किया जा रहा है। दर्शकों के लिए जगह बढ़ाने के उद्देश्य से सारनाथ के सराय मोहाना और गंगापार चंदौली के बलुआ क्षेत्र के कुछ हिस्सों का भी इस्तेमाल करने की योजना है। रामनगर में पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया है।
भीड़ को अलग-अलग क्षेत्रों में व्यवस्थित करने और लोगों की आवाजाही सुचारु रखने पर जोर दिया जा रहा है। अधिकारी रोजाना समीक्षा बैठकें कर रहे हैं और संबंधित विभागों को समय पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, शहर और गंगा घाटों को सजाने-संवारने का काम भी तेजी से चल रहा है, ताकि एयर शो के दौरान सुरक्षा के साथ दर्शकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
Read More
अजय देवगन के जुहू बंगले पर चला BMC का बुलडोजर, बिना मंजूरी निर्माण पर बड़ी कार्रवाई


[…] हाई अलर्ट पर वाराणसी का नमो घाट, एयर शो … […]
[…] हाई अलर्ट पर वाराणसी का नमो घाट, एयर शो … […]