Meerut Chlorine Gas Leak: मेरठ के पल्लवपुरम फेस-2 के एन पॉकेट स्थित आकांक्षा एंबिएंस कॉलोनी के पास मंगलवार शाम सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) से क्लोरीन गैस का रिसाव हो गया। शाम करीब सवा सात बजे गैस की तेज बदबू आसपास के घरों तक पहुंची तो लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई परिवार बच्चों और बुजुर्गों को लेकर सुरक्षित स्थान की ओर जाने लगे।
घरों के दरवाजे-खिड़कियां बंद
गैस की गंध फैलते ही लोगों ने अपने घरों के दरवाजे और खिड़कियां बंद कर लीं। बाहर मौजूद परिजनों को भी फोन कर तत्काल सुरक्षित स्थान पर जाने या घर लौटने के लिए कहा गया। कुछ परिवार बच्चों को लेकर इलाके से दूर चले गए। इस बीच गैस के प्रभाव को लेकर लोगों में डर बना रहा।
15 लोग अस्पताल में भर्ती
गैस के संपर्क में आने के बाद तबीयत बिगड़ने पर कुल 15 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। राधेश्याम पुत्र महिपाल सिंह निवासी मोहम्मदपुर अमरोहा को फ्यूचर प्लस अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं आदित्य पुत्र परविंदर कुमार, वेदांशी व अनीका पुत्री अक्षत, नीलम सिंह पत्नी डॉ. एचएल सिंह, वान्या पुत्री डॉ. एचएल सिंह, विशाल पुत्र सेन्सर पाल, दीपांशु पुत्र पवन कुमार निवासी गांव खनोदा थाना पल्लवपुरम, शोभना पत्नी अक्षत, प्रांजल पुत्र अनुज चौधरी, वाणी और विक्रांत ढाका समेत अन्य प्रभावित लोगों को एसडीएस अस्पताल और सीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पार्षद विक्रांत ढाका ICU में
घटना में पल्लवपुरम निवासी पार्षद विक्रांत ढाका की तबीयत भी बिगड़ी, जिसके बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया। अस्पताल पहुंचे लोगों ने गैस के संपर्क में आने के बाद परेशानी होने की बात बताई। घटना के बाद आसपास रहने वाले परिवारों में खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई।
अस्पताल में प्रोफेसर की बेटी
कृषि विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. एचएल सिंह ने मीडिया को बताया कि वह अपने परिवार के साथ फेस-2 में ही रहते हैं। उनके मुताबिक, शाम करीब सवा सात बजे गैस रिसाव हुआ और तेज बदबू घरों तक पहुंचते ही लोग घबरा गए। उनकी बेटी वान्या भी अस्पताल में भर्ती है।
वॉल्व लीकेज से रिसाव की बात
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एसटीपी में क्लोरीन गैस के वॉल्व में लीकेज होने के कारण रिसाव हुआ। गैस फैलने से आसपास के लोगों की आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी हुई। घटना ने घनी आबादी के बीच स्थित एसटीपी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने माइक से दी चेतावनी
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने माइक से लोगों को घरों में रहने की अपील की और कहा कि बाहर निकलने की जरूरत हो तो मास्क या रुमाल से मुंह ढककर रखें। साथ ही लोगों को रिसाव वाले स्थान के आसपास नहीं जाने की हिदायत दी गई। प्रशासन ने आसपास के घरों को भी खाली कराया।
आबादी के बीच प्लांट पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि एसटीपी के आसपास बड़ी संख्या में परिवार रहते हैं। ऐसे में क्लोरीन गैस रिसाव जैसी घटना दोबारा होने पर स्थिति गंभीर हो सकती है। लोगों ने प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था, गैस के इस्तेमाल और आपातकालीन इंतजामों की जांच कराने की मांग की है।
विधायक और महापौर अस्पताल पहुंचे
कैंट विधायक अमित अग्रवाल, महापौर हरिकांत अहलूवालिया और नगर आयुक्त अस्पताल पहुंचे। तीनों ने भर्ती लोगों का हाल जाना और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने कहा कि घटना की पूरी जांच कराई जाएगी। गैस रिसाव के लिए जिसकी भी गलती सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Read More:
गोरखपुर में 3.09 करोड़ का कल्याण मंडपम तैयार, CM योगी आज करेंगे लोकार्पण, 300 लोगों की होगी क्षमता


[…] मेरठ में सीवर प्लांट से क्लोरीन गैस का… […]