हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के मामले में शामली पुलिस(Shamli Police) ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान दो संदिग्ध आरोपियों को मार गिराया गया। पुलिस ने उनकी पहचान सुमित और मोहित के तौर पर बताई है। यह मुठभेड़ उत्तर प्रदेश के शामली जिले में सदर कोतवाली क्षेत्र के औद्योगिक इलाके में हुई। मामले में कार्रवाई तेज होने से पहले शामली के जिलाधिकारी आलोक यादव और पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह अंकित बालियान के पैतृक गांव बंतीखेड़ा पहुंचे थे।
अधिकारियों ने अंकित के पिता सतवीर सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की। परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताते हुए जल्द न्याय की मांग की थी। परिवार की ओर से पुलिस को कार्रवाई के लिए चार दिन का समय दिए जाने की बात भी सामने आई थी। अधिकारियों ने परिवार को मामले में जल्द और प्रभावी कार्रवाई का भरोसा दिलाया था।
हरियाणा में भी बढ़ा जांच का दायरा
अंकित बालियान हत्याकांड की जांच अब उत्तर प्रदेश से आगे हरियाणा तक पहुंच चुकी है। शामली और मेरठ पुलिस की टीमें हिसार, रोहतक और करनाल सहित कई स्थानों पर जांच कर रही हैं। पुलिस को आशंका है कि वारदात में शामिल शूटरों के तार इन इलाकों से जुड़े हो सकते हैं।
चार बदमाशों ने की थी फायरिंग
पुलिस की जांच के मुताबिक, अंकित बालियान पर हमला करने के लिए चार बदमाश मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि सभी ने मिलकर उन पर गोलियां चलाईं। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज में दो संदिग्ध पीले गमछे में दिखाई दिए।
फायरिंग के बाद आरोपी हरियाणा की तरफ भागते नजर आए। इसी आधार पर जांच में हरियाणा एंगल को शामिल किया गया। CCTV फुटेज में भागते समय एक संदिग्ध को किसी व्यक्ति से फोन पर बातचीत करते हुए भी देखा गया। पुलिस अब इस बातचीत और आरोपियों से जुड़े संभावित नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
[…] […]