Parliament Monsoon Session: संसद के मानसून सत्र के चौथे सप्ताह का पहला दिन आज है और सत्र के अब सिर्फ चार दिन बाकी हैं। ऐसे में लोकसभा और राज्यसभा में भारी विधायी कामकाज के साथ जोरदार हंगामे के भी आसार हैं। दोनों सदनों की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होगी। पिछले सप्ताह विपक्ष के विरोध के कारण कार्यवाही कई बार बाधित हुई थी और दोनों सदनों को सोमवार तक के लिए स्थगित करना पड़ा था।
लोकसभा में कई अहम बिल होंगे पेश
सोमवार को लोकसभा में कई अहम विधेयक पेश किए जाने की तैयारी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ‘केरल (नाम परिवर्तन) विधेयक, 2026’ और ‘राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (संशोधन) विधेयक, 2026’ पेश करेंगे। कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ‘अधिकरण सुधार विधेयक, 2026’ पेश करेंगे। इसके अलावा खान और खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 भी सदन में पेश किया जाना है।
मंत्रियों की ओर से दस्तावेज भी रखे जाएंगे
लोकसभा में गजेन्द्र सिंह शेखावत, जयंत चौधरी और अन्य केंद्रीय मंत्री सदन के पटल पर जरूरी पत्र और दस्तावेज रखेंगे। इन विधायी और संसदीय कामकाज के बीच विपक्ष के विरोध के कारण सदन की कार्यवाही प्रभावित होने की संभावना बनी हुई है।
राज्यसभा में दो अहम बिलों पर चर्चा
राज्यसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण टैक्सेशन एंड अदर लॉज (अमेंडमेंट) बिल और बैंकर्स बुक्स एविडेंस बिल 2026 पर चर्चा करेंगी और इन्हें पारित कराने के लिए रखेंगी। दोनों विधेयक लोकसभा से पहले ही पारित हो चुके हैं। टैक्सेशन एंड अदर लॉज अमेंडमेंट बिल का उद्देश्य निवेश को बढ़ावा देना और कर संबंधी निश्चितता उपलब्ध कराना है।
डिजिटल बैंकिंग रिकॉर्ड को मिलेगा कानूनी आधार
बैंकर्स बुक्स एविडेंस बिल 2026 के जरिए डिजिटल बैंकिंग रिकॉर्ड को कानूनी साक्ष्य के तौर पर मान्यता देने का प्रावधान है। दोनों विधेयकों को अब राज्यसभा की मंजूरी का इंतजार है। ऐसे में आज की कार्यवाही में इन पर विशेष नजर रहेगी।
FCRA बिल पर JPC की मांग
सरकार सत्र समाप्त होने से पहले फॉरेन कंट्रीब्यूशन अमेंडमेंट बिल 2026 को चर्चा और पारित कराने के लिए ला सकती है। इसका उद्देश्य विदेशी योगदान के नियमन में पारदर्शिता लाना है। हालांकि, ईसाइयों के ग्रुप और अल्पसंख्यक संगठनों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर विधेयक पर आपत्ति जताई है। उन्होंने बिल वापस लेने या इसे संयुक्त संसदीय समिति (JPC) के पास भेजने की मांग की है।
अब तक कई विधेयक हो चुके हैं पारित
मानसून सत्र 2026 में अब तक पब्लिक एग्जामिनेशंस अमेंडमेंट बिल 2026, प्रिवेंशन ऑफ इन्सल्ट्स टू नेशनल ऑनर बिल 2026, रजिस्ट्रेशन ऑफ बर्थ्स एंड डेथ्स बिल 2026, माइक्रो स्मॉल एंड मीडियम एंटरप्राइजेज डेवलपमेंट बिल 2026 और सुप्रीम कोर्ट अमेंडमेंट बिल 2026 दोनों सदनों से पारित हो चुके हैं।
इन बिलों पर आज भी रहेगी नजर
टैक्सेशन एंड अदर लॉज (अमेंडमेंट) बिल 2026 और बैंकर्स बुक्स एविडेंस बिल 2026 लोकसभा से पारित हो चुके हैं। अब इन्हें राज्यसभा में पेश किया जा सकता है। सत्र के अंतिम चार दिनों में सरकार के विधायी एजेंडे और विपक्ष के विरोध के चलते संसद की कार्यवाही काफी अहम रहने वाली है।
Read More:

