Amritsar New Police Commissioner: अमृतसर के नए पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने पदभार संभालते ही अपराध नियंत्रण को लेकर अपना एक्शन प्लान साफ कर दिया है। उन्होंने कमिश्नरेट पुलिस के अधिकारियों के साथ बैठक कर कहा कि पुलिस का मुख्य फोकस अपराध होने के बाद जांच करने के बजाय उसे पहले ही रोकने और अपराधियों पर पुलिस की मौजूदगी का दबाव बनाए रखने पर रहेगा।
PCR व्यवस्था होगी नए सिरे से तैयार
सीपी हरमनबीर सिंह गिल ने अमृतसर कमिश्नरेट की PCR व्यवस्था को नए सिरे से व्यवस्थित करने की घोषणा की है। इसके तहत PCR की बीट्स को दोबारा निर्धारित किया जाएगा। हर बीट के लिए अलग बीट बुक और लैमिनेटेड मैप तैयार किए जाएंगे, ताकि पुलिसकर्मियों को अपने क्षेत्र की पूरी जानकारी रहे।
मैप में दर्ज होंगे संवेदनशील स्थान
पुलिस द्वारा तैयार किए जाने वाले मैप में संबंधित बीट के अस्पताल, रेलवे ट्रैक, बैंक, ATM, खतरे वाले व्यक्ति और अन्य अहम स्थानों की जानकारी दर्ज होगी। इसके साथ ही PCR के लिए रेड अलर्ट प्वाइंट्स भी तय किए जाएंगे, जिससे संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी और तेज की जा सके।
अचानक होगी PCR कर्मचारियों की चेकिंग
पुलिस कमिश्नर ने फील्ड में तैनात PCR कर्मचारियों की अचानक चेकिंग कराने की बात कही है। इसका उद्देश्य पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करना और अपराधियों पर लगातार दबाव बनाए रखना है। यानी पुलिसकर्मियों की तैनाती और उनकी फील्ड एक्टिविटी पर भी वरिष्ठ अधिकारी नजर रखेंगे।
भगोड़ों और वांछित आरोपियों पर फोकस
अपराध नियंत्रण के साथ भगोड़ों, पैरोल जंपर्स और गंभीर मामलों में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी को भी प्राथमिकता दी जाएगी। अदालतों की ओर से जारी गैर-जमानती वारंटों की तामील में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
15 अगस्त को लेकर सुरक्षा सख्त
आगामी 15 अगस्त के मद्देनजर अमृतसर की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि स्वतंत्रता दिवस के दौरान किसी भी तरह की सुरक्षा चुनौती से निपटा जा सके।
6 महीने से लंबित मामलों की होगी समीक्षा
पुराने और अधूरे मामलों को लेकर भी पुलिस कमिश्नर ने सख्त है। 15 अगस्त के बाद जिला स्तर पर क्राइम मीटिंग आयोजित की जाएगी। इसमें अनट्रेस मामलों और 6 महीने से अधिक समय से लंबित जांच वाले मामलों की समीक्षा होगी। लंबित मामलों को जल्द निपटाने और जांच में तेजी लाने के लिए संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।
गैंगस्टर से लेकर ड्रोन तस्करी तक निशाने पर
नव नियुक्त पुलिस कमिश्नर ने गैंगस्टरों और फिरौती नेटवर्क पर कार्रवाई, भगोड़ों की गिरफ्तारी, ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार, ड्रोन के जरिए होने वाली नशा और हथियारों की तस्करी पर शिकंजा कसने और पुलिस रिकॉर्ड को मजबूत करने को भी अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया है।
Read More:

