PM Modi Jind Visit: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 17 जुलाई प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक दिन होगा। इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद पहुंचकर देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही वह हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। मुख्यमंत्री के अनुसार, इन परियोजनाओं से हरियाणा के आधारभूत ढांचे, परिवहन व्यवस्था और विकास को नई गति मिलेगी।
खराब मौसम के बीच तैयारियों का लिया जायजा
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों को देखने के लिए मुख्यमंत्री बुधवार को जींद पहुंचे। उन्हें पंचकूला से हेलीकॉप्टर के जरिए दोपहर करीब सवा दो बजे पहुंचना था, लेकिन खराब मौसम के कारण सड़क मार्ग से यात्रा करनी पड़ी और वह करीब साढ़े चार बजे जींद पहुंचे। यहां उन्होंने अधिकारियों के साथ तैयारियों का जायजा लिया।
PM की रैली इको फ्रेंडली होगी
पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा, ‘प्रधानमंत्री की रैली इको फ्रेंडली होगी’, जिसमें इलेक्ट्रिक बसों का उपयोग किया जाएगा। उन्होंने बताया कि लोग सीएनजी वाहनों, ई-रिक्शा, इलेक्ट्रिक स्कूटी और साइकिल से रैली वाली जगह तक पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने की अपील की थी और उसी दिशा में हरियाणा की टीम मिलकर काम करेगी।
प्रदेशभर में LED पर होगा सीधा प्रसारण
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर LED स्क्रीन लगाकर प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग कार्यक्रम से जुड़ सकें। वहीं, PM के दौरे को देखते हुए 17 जुलाई तक जींद शहर का रूट प्लान डायवर्ट कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने भी बुधवार को जींद पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया है।
रेलवे जंक्शन और रैली स्थल का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले जींद रेलवे जंक्शन और हाइड्रोजन प्लांट का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने करीब आधे घंटे तक अधिकारियों के साथ बातचीत की। इसके बाद उन्होंने एकलव्य स्टेडियम में रैली स्थल का जायजा लिया। बाद में पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में अधिकारियों के साथ करीब दो घंटे तक बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों पर बातचीत की।
बैठक में कई नेता रहे मौजूद
बैठक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, रैली संयोजक संजय भाटिया, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, मंत्री रणबीर गंगवा, कृष्ण बेदी, डॉ. अरविंद शर्मा, कृष्ण पंवार, विधानसभा डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिढ़ा और राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला सहित कई नेता मौजूद रहे।
Read More:

