साल 2024 में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर के उद्घाटन के बाद अयोध्या देश के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन केंद्रों में शामिल हो गई है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के साथ शहर में सड़क, परिवहन, होटल, व्यापारिक सुविधाओं और अन्य बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास हुआ है। इसी बदलाव का असर अब अयोध्या के रियल एस्टेट बाजार पर भी साफ देखने को मिलता है।
बॉलीवुड सितारों का प्रॉपर्टी में कैसे बढ़ा इंट्रस्ट?
अयोध्या में निवेश सिर्फ धार्मिक आस्था का टॉपिक ही नहीं बल्कि इसे आने वाले टाइम की संभावनाओं वाले शहर के रूप में भी देखा जा रहा है। पर्यटन, उद्योग और आधुनिक आवासीय परियोजनाओं के फैलाव ने इसे निवेशकों के लिए पहली पसंद बना दिया है। यही वजह है कि कई हाई-प्रोफाइल निवेशकों के साथ बॉलीवुड के बड़े नाम भी यहां प्रॉपर्टी खरीद रहे हैं।
अमिताभ बच्चन के निवेश की चर्चा
रियल एस्टेट कंपनी द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा के संस्थापक एवं चेयरमैन अभिनंदन लोढ़ा ने एक मीडिया इंटरव्यू में बताया था कि वर्ष 2023 में उन्हें एक्टर अमिताभ बच्चन(Amitabh Bachchan) का फोन आया था। बातचीत के दौरान अमिताभ बच्चन ने अयोध्या में जमीन खरीदने की इच्छा जताई। अभिनंदन के मुताबिक, जमीन की कीमत जानने के बाद एक्टर ने बिना देरी 15 करोड़ रुपये वाली इस डील को साइन भी कर दिया था। यह बात उस समय काफी चर्चा में रही और अयोध्या के बढ़ते रियल एस्टेट बाजार की ओर लोगों का ध्यान खिंचा है।
रणबीर कपूर ने भी दिखाई दिलचस्पी
एक्टर रणबीर कपूर ने भी अयोध्या में एक लग्जरी टाउनशिप परियोजना में निवेश किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने यह निवेश अपनी फिल्म ‘रामायण’ से पहले किया था। एक इंटरव्यू में रणबीर कपूर ने कहा था कि उन्हें ऐसा महसूस हुआ मानो “अयोध्या ने उन्हें चुना हो।”
बढ़ती संभावनाओं का केंद्र बन रहा अयोध्या
विशेषज्ञों का मानना है कि धार्मिक पर्यटन, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और तेजी से विकसित हो रहे रियल एस्टेट सेक्टर की वजह से अयोध्या आने वाले वर्षों में देश के प्रमुख निवेश केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान बना सकता है। यही कारण है कि यहां आम निवेशकों के साथ-साथ कई बड़ी हस्तियां भी भविष्य की संभावनाओं को देखते हुए निवेश कर रही हैं।