WhatsApp Scam CERT-In Alert: अगर आप WhatsApp Web या WhatsApp Desktop का यूज करते हैं, तो यह खबर आपके लिए पढ़ना बहुत जरुरी है। भारतीय कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (CERT-In) ने एक नया साइबर सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। एजेंसी ने चेतावनी दी है कि साइबर अपराधी WhatsApp के जरिए फर्जी इनवॉइस, बैंक स्टेटमेंट और दूसरे बिजनेस डॉक्यूमेंट भेजकर लोगों के Windows कंप्यूटर में खतरनाक मैलवेयर इंस्टॉल करने की कोशिश कर रहे हैं। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि ये फाइलें कई बार किसी जान-पहचान वाले के WhatsApp अकाउंट से भेजी जाती हैं, जिससे लोग आसानी से इनके झांसे में आ जाते हैं।
भरोसेमंद अकाउंट का हो रहा इस्तेमाल
CERT-In के मुताबिक, यह साइबर हमला WhatsApp Desktop और WhatsApp Web यूजर्स को निशाना बना रहा है। हैकर्स पहले किसी असली WhatsApp अकाउंट पर कब्जा कर लेते हैं और फिर उसी अकाउंट से उसके कॉन्टैक्ट्स को मैलवेयर वाली फाइलें भेजते हैं। चूंकि मैसेज किसी भरोसेमंद व्यक्ति की ओर से आता है, इसलिए लोग बिना ज्यादा जांच-पड़ताल किए फाइल खोल देते हैं, जिससे उनका सिस्टम खतरे में पड़ सकता है।
ऐसे दिखाई देती हैं फर्जी फाइलें
रिपोर्ट के अनुसार, यह मैलवेयर Visual Basic Script (.vbs) फाइल के रूप में भेजा जा रहा है। इन फाइलों के नाम Invoice, Payment Record, Bank Statement, Account Statement, Debt Notice या Acknowledgement Receipt जैसे रखे जाते हैं ताकि लोगों को इन पर शक न हो। इतना ही नहीं, इन फाइलों में Microsoft Windows Update जैसी जानकारी भी जोड़ी जाती है, जिससे वे असली और भरोसेमंद दस्तावेज जैसी दिखाई देती हैं।
एक क्लिक से मिल सकता है रिमोट एक्सेस
अगर कोई यूजर गलती से ऐसी फाइल खोल देता है, तो उसके Windows कंप्यूटर में एक स्क्रिप्ट अपने आप चल जाती है। इसके बाद सिस्टम में दूसरे खतरनाक प्रोग्राम डाउनलोड होने लगते हैं और हैकर्स को कंप्यूटर का रिमोट एक्सेस मिल सकता है। इसके जरिए पासवर्ड चोरी, डेटा लीक, मैलवेयर इंस्टॉल करने और पूरे नेटवर्क को खत्म करने जैसी गंभीर घटनाएं हो सकती हैं।
CERT-In ने क्या दी सलाह?
CERT-In ने लोगों को सलाह दी है कि WhatsApp पर मिलने वाली किसी भी अनजान फाइल, खासकर .vbs एक्सटेंशन वाली फाइल, को बिल्कुल न खोलें। अगर ऐसी कोई फाइल किसी जानकार के WhatsApp अकाउंट से भी आए, तो पहले उसे कॉल या किसी तरह से इसका पता लगाएं। इसके अलावा Windows और एंटीवायरस को हमेशा अपडेट रखें और अनजान फाइलों से दूरी बनाए रखें। एजेंसी का कहना है कि थोड़ी सी सावधानी आपको बड़े साइबर हमले का शिकार बनने से बचा सकती है।
Read More:
केरलम के कल्लाडी में इमारत ढहने से अफरा-तफरी, मलबे के नीचे दबे 5-7 मजदूर, बचाव अभियान तेज

