Pune-Mumbai Expressway and National Highway Closed: महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने मुंबई और पुणे के बीच ट्रैफिक व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। भूस्खलन और जलभराव के कारण पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे और मुंबई-पुणे नेशनल हाईवे पर यातायात रोक दिया गया है। प्रशासन ने दोनों रास्तों को अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला लिया है और लोगों से अपील की है कि अगली सूचना तक मुंबई-पुणे या पुणे-मुंबई की यात्रा न करें। यदि यात्रा बेहद जरूरी हो तो प्रशासन की ओर से जारी यातायात अपडेट और निर्देशों का पालन करें।
खंडाला के पास भूस्खलन से बंद हुई लेन
भारी बारिश के बीच मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के मिसिंग लिंक सेक्शन में खंडाला एग्जिट के पास भूस्खलन हुआ है। इसके चलते मुंबई की ओर जाने वाली पूरी लेन बंद कर दी गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वहीं महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) के अनुसार, पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे –कनेक्टिंग लिंक और मिसिंग लिंक के बीच कंक्रीट के एक पिलर के गिरने के कारण भी ट्रैफिक प्रभावित हुआ है।
#WATCH | Maharashtra: A major landslide occurred on the Missing Link section of the Mumbai–Pune Expressway near the Khandala Exit. Consequently, the Mumbai-bound lane has been completely closed.
According to preliminary information, no casualties have been reported. Efforts are… pic.twitter.com/pRUSGhHabx
— ANI (@ANI) July 6, 2026
हाईवे पर जलभराव
लगातार बारिश के कारण पुणे-मुंबई हाईवे के कई हिस्सों में पानी भर गया है, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। मावल और तामिनी घाट क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। वहीं पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा लगातार बढ़ रहा है। लोहगढ़ किले के पास स्थित पाटन गांव में भी भूस्खलन की घटना सामने आई है, जिससे प्रशासन अलर्ट हो गया है।
रेल सेवाओं पर भी पड़ा असर
मुंबई-पुणे घाट सेक्शन में भारी बारिश के चलते कई स्थानों पर रेलवे ट्रैक पर मिट्टी और बड़े पत्थर आ गए हैं, जिससे ट्रेन संचालन प्रभावित हुआ है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि रेलवे की टीमें ट्रैक को जल्द साफ कर सेवाएं बहाल करने में जुटी हैं। सेंट्रल रेलवे के अनुसार, चारों कॉरिडोर पर लोकल ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं। मुख्य लाइन की ट्रेनें 6 से 8 मिनट और हार्बर लाइन की ट्रेनें करीब 4 मिनट की देरी से चल रही हैं। ट्रांसहार्बर और उरण-बेलापुर लाइन पर सेवाएं तय समय के अनुसार चल रही हैं। हालांकि, सेंट्रल रेलवे की कई ट्रेनों को रद्द किया गया है और कुछ ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है।
स्कूल-कॉलेज बंद
भारत मौसम विभाग ने मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में फिलहाल बारिश से राहत मिलने की संभावना से इनकार किया है। भारी बारिश को देखते हुए मुंबई, पुणे, ठाणे और पालघर में सोमवार को सभी सरकारी, निजी और BMC संचालित स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित की गई है। मुंबई में IMD ने ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है, जबकि पुणे के लिए ‘रेड अलर्ट’ लागू है। इसके अलावा मुंबई विश्वविद्यालय ने 6 जुलाई को होने वाली सभी परीक्षाएं आगे बढ़ा दी हैं। नई परीक्षा की तारीख बाद में घोषित की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से केवल बहुत ज्यादा जरुरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।
Read More:

