CM Yogi Adityanath Program in Hathras: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को यानिकि आज हाथरस दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री सलेमपुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित जनसभा स्थल पर करीब एक घंटे तक रुकेंगे। इस दौरान वह जनसभा को संबोधित करेंगे और जिले को 486 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। कार्यक्रम के दौरान कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया जाएगा।
विकास कार्यों के साथ राजनीतिक संदेश
CM योगी रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का गढ़ कहे जाने वाले सलेमपुर में विपक्षी दलों में जमकर बरसेंगे और सरकार की उपलब्धियों पर बातचीत करेंगे। मुख्यमंत्री अपने संबोधन में प्रदेश सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को जनता के सामने रखेंगे। कार्यक्रम के दौरान कई लोगों को मंच से सम्मानित भी किया जाएगा।
पहले टला था कार्यक्रम
मुख्यमंत्री का हाथरस दौरा पहले 23 जून को प्रस्तावित था। प्रशासन ने उस समय भी सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं, लेकिन अलीगढ़ में जनसभा के दौरान लखनऊ में हुए अग्निकांड की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री को अपना कार्यक्रम स्थगित कर तुरंत लखनऊ रवाना होना पड़ा था। अब संशोधित कार्यक्रम के तहत वह रविवार सुबह साढ़े 11 बजे जनसभा स्थल पहुंचेंगे और विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। मंच के आसपास करीब 100 अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिला प्रशासन ने अधिकारियों को मजिस्ट्रेट नामित किया है और सभी को कार्यक्रम शुरू होने से तीन घंटे पहले जनसभा स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम स्थल से लेकर पूरे रूट पर भारी पुलिस बल और खुफिया एजेंसियों की तैनाती रहेगी।
चप्पे-चप्पे पर रहेगी निगरानी
मुख्यमंत्री की सुरक्षा संभालने वाली विशेष टीम पहले ही जिले में पहुंच चुकी है। वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाएगी। प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक नहीं चाहता, इसलिए पूरे कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
ऐसा रहेगा मुख्यमंत्री का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 11:00 बजे हेलीकॉप्टर से आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद 11:05 बजे हाथरस के लिए रवाना होंगे और 11:20 बजे सलेमपुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित हेलीपैड पर उतरेंगे। वहां से 11:25 बजे कार के जरिए जनसभा स्थल पहुंचेंगे। सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक वह जनसभा को संबोधित करेंगे तथा 548 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद 12:30 बजे कार्यक्रम स्थल से रवाना होकर 12:35 बजे हेलीपैड पहुंचेंगे और 12:40 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से आगरा के लिए उड़ान भरेंगे। उनका हेलीकॉप्टर दोपहर 12:55 बजे खेरिया एयरपोर्ट, आगरा पहुंचेगा।
Read More:

