Moga Murder Case: पंजाब के मोगा जिले के समालसर थाना क्षेत्र के गांव सुखानंद में जसकरन सिंह उर्फ गगू की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पति-पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी अमनदीप सिंह बराड़, उसकी पत्नी गुरप्रीत कौर, जसप्रीत सिंह निवासी जैतो और लखविन्द्र सिंह जगा निवासी गोनेयाना कलां बठिंडा शामिल हैं। अदालत ने आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
बाघापुराना के डीएसपी जसविंदर सिंह खैहरा ने बताया कि चीदा निवासी तेजिंदर सिंह उर्फ जिंदी के बयान के आधार पर अमनदीप सिंह बराड़, उसकी पत्नी गुरप्रीत कौर, बेटे मनिंदर सिंह और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ समालसर थाने में हत्या तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
दोस्ती बनी विवाद की वजह
शिकायतकर्ता तेजिंदर सिंह उर्फ जिंदी ने पुलिस को बताया कि उसकी अमनदीप सिंह से दोस्ती थी और वह अक्सर उससे कार मांगकर ले जाता था। हालांकि, तेजिंदर का भाई जसकरन सिंह उर्फ गगू इस बात का विरोध करता था। उसका मानना था कि अमनदीप भरोसेमंद व्यक्ति नहीं है और उसे बार-बार गाड़ी नहीं दी जानी चाहिए।
कार मांगने पर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार 17 जून को अमनदीप सिंह ने एक बार फिर तेजिंदर सिंह से कार मांगी, लेकिन इस बार उसने वाहन देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई। बाद में तेजिंदर अपने भाई जसकरन सिंह गगू के साथ अमनदीप के गांव सुखानंद पहुंचा, जहां विवाद और बढ़ गया।
पत्नी ने मंगवाई पिस्तौल
आरोप है कि अमनदीप सिंह बराड़ के घर के बाहर दोनों पक्षों के बीच बहसबाजी और गाली-गलौज हुई। इसी दौरान अमनदीप की पत्नी गुरप्रीत कौर ने अपने बेटे मनिंदर सिंह से पिस्तौल मंगवाई। पुलिस के मुताबिक मनिंदर ने पिस्तौल अमनदीप को दी, जिसके बाद अमनदीप ने घर के अंदर से जसकरन सिंह गगू पर गोली चला दी। गोली लगते ही जसकरन गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
इलाज के दौरान हुई मौत
घायल जसकरन सिंह गगू को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की।
एक आरोपी अब भी फरार
थाना प्रभारी मंगल सिंह ने बताया कि मामले में नामजद कई आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। वहीं, मनिंदर सिंह की गिरफ्तारी अभी बाकी है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Read More:

