आंध्र प्रदेश के पुट्टपर्थी में शुक्रवार को भारत के महत्वाकांक्षी एडवांस मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (AMCA) प्रोजेक्ट की आधारशिला रखी गई। इस मौके को देश की रक्षा और एयरोस्पेस क्षमताओं के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और मंत्री नारा लोकेश भी मौजूद रहे।
करीब ₹15,803 करोड़ की लागत से विकसित होने वाला यह प्रोजेक्ट भारत के स्वदेशी रक्षा निर्माण को नई दिशा देने वाला बताया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि इस पहल से देश में हाई-टेक डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिले और अत्याधुनिक तकनीकों के विकास में तेजी आए। अनुमान है कि इस परियोजना से लगभग 7,500 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर मिल सकते हैं।
क्या है AMCA ?
AMCA यानी एडवांस मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट भारत का अगली पीढ़ी का स्वदेशी स्टेल्थ फाइटर जेट प्रोग्राम है। इसे भारतीय वायुसेना के लिए ऐसे आधुनिक लड़ाकू विमान के रूप में तैयार किया जा रहा है जो स्टेल्थ तकनीक, उन्नत हथियार प्रणालियों और उच्च गति क्षमता से लैस होगा। रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इसके शामिल होने से वायुसेना की लड़ाकू क्षमता में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी।
कई परियोजनाओं की हुई शुरुआत
इस अवसर पर ‘ड्रोन सिटी इनिशिएटिव’ के तहत भी कई नई परियोजनाओं की शुरुआत की गई। इनका उद्देश्य देश में ड्रोन तकनीक और आधुनिक रक्षा प्रणालियों को बढ़ावा देना है ताकि भारत इस क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अपनी स्थिति मजबूत कर सके। कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्री और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने रक्षा प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया जहां स्वदेशी रक्षा तकनीक, ड्रोन सिस्टम और एयरोस्पेस से जुड़े कई नवीन मॉडल प्रदर्शित किए गए।