JP Morgan Cyberattack: अमेरिकी वित्तीय संस्थान जेपी मॉर्गन चेस से जुड़ी साइबर सुरक्षा में सेंधमारी का मामला सामने आया है। बैंक के लिए सेवाएं देने वाले थर्ड-पार्टी सर्विस प्रोवाइडर्स पर साइबर हमला हुआ है। बैंक ने इसकी जानकारी देते हुए आशंका जताई है कि हमलावरों ने इन कंपनियों के पास मौजूद कुछ ग्राहकों के डेटा तक पहुंच बना ली। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस घटना में बैंक के करीब 16 हजार अमीर ग्राहकों की निजी जानकारी लीक हुई है।
ईमेल, पते और फोन नंबर जैसी जानकारी उजागर
रिपोर्ट्स के अनुसार, लीक हुए डेटा में ग्राहकों के ईमेल पते, फोन नंबर, घर के पते और अकाउंट आईडी जैसी जानकारियां शामिल हैं। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने थर्ड-पार्टी बिजनेस पार्टनर्स के सिस्टम में सेंध लगाकर यह जानकारी हासिल की। हालांकि, बैंक की ओर से अब तक सामने आई शुरुआती जांच में कुछ ग्राहकों के नाम और ईमेल सहित मार्केटिंग डेटा तक पहुंच बनाए जाने की बात कही गई है।
‘नॉन-प्रॉफिट’ रैनसमवेयर ग्रुप ने ली जिम्मेदारी
फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, इस साइबर हमले के पीछे ‘नॉन-प्रॉफिट’ नाम का एक रैनसमवेयर ग्रुप है। इस समूह ने जेपी मॉर्गन चेस के अलावा मास्टरकार्ड और वीजा के ग्राहकों का डेटा लीक करने की जिम्मेदारी भी ली है। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि इस डेटा सेंधमारी में थर्ड-पार्टी बिजनेस पार्टनर्स की भूमिका रही, जिनके पास ग्राहकों से जुड़ी जानकारियां मौजूद थीं।
बैंक ने एक्स पर पोस्ट कर दी जानकारी
जेपी मॉर्गन ने गुरुवार को सोशल मीडिया मंच एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए इस घटना की जानकारी दी। बैंक के मुताबिक, उसे पता चला कि सेवाएं देने वाले कुछ थर्ड-पार्टी सर्विस प्रोवाइडर्स साइबर हमले का शिकार हुए हैं। आंतरिक जांच में सामने आया कि हमलावरों ने इन वेंडर्स के पास मौजूद कुछ डेटा तक अनधिकृत पहुंच हासिल की। इसमें ग्राहकों से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां भी हो सकती हैं।
बैंकिंग सेवाओं पर नहीं पड़ा कोई असर
बैंक ने स्पष्ट किया है कि साइबर हमले के बावजूद उसकी सेवाओं में किसी तरह की रुकावट नहीं आई है। बैंक प्रभावित ग्राहकों से सीधे संपर्क करेगा और उन्हें जरूरी सहायता उपलब्ध कराएगा। इसमें मुफ्त क्रेडिट मॉनिटरिंग की सुविधा भी शामिल होगी, ताकि ग्राहक अपनी वित्तीय जानकारी पर नजर रख सकें और किसी संभावित गड़बड़ी का पता लगा सकें।
रिजर्व प्रोग्राम से जुड़ा है लीक हुआ डेटा
बताया जा रहा है कि यह मामला जेपी मॉर्गन के ‘रिजर्व प्रोग्राम’ से संबंधित है। इसके तहत ग्राहकों को आमंत्रण के आधार पर वीजा क्रेडिट कार्ड दिया जाता है। इस कार्ड के लिए आमतौर पर ऐसे ग्राहकों को पात्र माना जाता है, जिनके पास 10 मिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक की संपत्ति हो। बैंक ने यह भी स्पष्ट किया कि डेटा लीक की घटना का सप्ताह की शुरुआत में कुछ ग्राहकों को हुई सेवा संबंधी परेशानियों से कोई संबंध नहीं है।
हाल के दिनों में कई बड़ी तकनीकी घटनाएं
जेपी मॉर्गन से जुड़ा यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब हाल के हफ्तों में कई बड़ी तकनीकी रुकावटें और साइबर सुरक्षा से जुड़ी घटनाएं देखने को मिली हैं। पिछले सप्ताह फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने देशभर में उड़ानों पर ग्राउंड स्टॉप लगाया था। इसी दौरान माइक्रोसॉफ्ट की ईमेल सेवा भी वैश्विक स्तर पर ठप हो गई थी। वहीं, पिछले महीने क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज बायनेन्स (Binance) को भी बड़े साइबर हमले का सामना करना पड़ा था।
Read More:

