पंजाब सिविल सर्विसेज (PCS) भर्ती परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट(Punjab High Court )ने पंजाब लोक सेवा आयोग (PPSC) की ओर से कराई जा रही PCS भर्ती की चयन प्रक्रिया पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। यह फैसला परीक्षा में शामिल कुछ अभ्यर्थियों की ओर से दायर याचिकाओं पर सुनवाई के बाद आया है।
याचिकाकर्ताओं ने परीक्षा के परिणाम और चयन प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर सवाल उठाए थे। कोर्ट के इस आदेश के बाद भर्ती के अगले चरण की प्रक्रिया फिलहाल रुक गई है। ऐसे में इंटरव्यू का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों को अब आगे के आदेश का इंतजार करना होगा।
331 पदों के लिए आयोजित हुई थी भर्ती परीक्षा
दरअसल, पंजाब लोक सेवा आयोग ने राज्य में कुल 331 पदों को भरने के लिए PCS भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी। इसके तहत अप्रैल 2026 में परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार लंबे समय से नतीजों का इंतजार कर रहे थे।
आखिरकार आयोग ने 4 नवंबर को परीक्षा का परिणाम घोषित किया। जारी रिजल्ट के आधार पर कुल 751 अभ्यर्थियों को अगले चरण यानी इंटरव्यू के लिए चुना गया था। इसके बाद चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाना था।
रिजल्ट सामने आते ही शुरू हुआ विवाद
परिणाम घोषित होने के बाद कुछ असफल उम्मीदवारों ने चयन प्रक्रिया पर आपत्ति जताई। उनका आरोप था कि परीक्षा के मूल्यांकन और परिणाम तैयार करने में अनियमितताएं हुई हैं। अभ्यर्थियों ने इन कथित गड़बड़ियों को लेकर आयोग के खिलाफ आवाज उठाई और न्याय की मांग करते हुए हाईकोर्ट का रुख किया।
हाईकोर्ट की ओर से चयन प्रक्रिया पर रोक लगाए जाने के बाद फिलहाल इंटरव्यू और भर्ती से जुड़ी आगे की कार्रवाई प्रभावित हुई है। अब उम्मीदवारों की नजर कोर्ट की अगली सुनवाई पर है। इस मामले में आगे क्या फैसला आता है उसी के आधार पर भर्ती प्रक्रिया की अगली दिशा तय होगी। फिलहाल 331 पदों के लिए चल रही इस भर्ती में शामिल उम्मीदवारों को कोर्ट के अगले आदेश का इंतजार करना पड़ेगा।