HomeBreaking Newsपरमिंदर झोटा के इंसाफ के लिए श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार की...

परमिंदर झोटा के इंसाफ के लिए श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार की अपील, 28 अक्टूबर को होगी अरदास

पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परमिंदर सिंह झोटा को इंसाफ दिलाने और राज्य के युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए 28 अक्टूबर को विशेष अरदास की जाएगी। यह अरदास देश और विदेश के गुरुद्वारों में आयोजित करने की अपील की गई है। श्री अकाल तख्त साहिब(Sri Akal Takht Sahib) के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने सिख समुदाय से इस पहल में शामिल होने का आग्रह किया है। जत्थेदार ने गुरु खालसा पंथ से अपील की है कि 28 अक्टूबर को गुरुद्वारा साहिब में एकत्र होकर परमिंदर सिंह झोटा के परिवार को इंसाफ मिलने और पंजाब की युवा पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रार्थना करें।

उनका कहना है कि राज्य में नशे की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है और इसका असर युवाओं के जीवन पर पड़ रहा है। ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने नशे के बढ़ते चलन पर चिंता जताते हुए कहा कि यह पंजाब की जवानी को अंदर से कमजोर कर रहा है। उन्होंने सरकारों से मेडिकल और सिंथेटिक नशे की सप्लाई करने वाले नेटवर्क के खिलाफ प्रभावी कदम उठाने की जरूरत बताई। उनके मुताबिक, अगर इस समस्या पर समय रहते रोक नहीं लगाई गई, तो भविष्य में इसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं।

गुरबाणी से जुड़कर नशे से दूर रहने का संदेश

जत्थेदार ने कहा कि नशे की समस्या केवल पंजाब तक सीमित नहीं है, बल्कि दुनिया के कई हिस्सों में लोग इससे प्रभावित हैं। उन्होंने सिख धर्म की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि गुरु साहिबान ने नशे से दूर रहने और अनुशासित, पवित्र जीवन जीने का संदेश दिया है।

उन्होंने यह भी कहा कि नशे की लत से जूझ रहे युवा श्री गुरु ग्रंथ साहिब की गुरबाणी से जुड़कर और मजबूत इच्छाशक्ति के साथ अपनी जिंदगी में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। 28 अक्टूबर को होने वाली अरदास का उद्देश्य परमिंदर सिंह झोटा के परिवार को इंसाफ मिलने की कामना करने के साथ-साथ पंजाब की युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए सामूहिक जागरूकता और प्रार्थना का संदेश देना है।

यह भी पढ़ें : दिल्ली में बारिश से बदला मौसम, रातभर बरसे बादलों से लुढ़का पारा, आज फिर…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments