उत्तर-पश्चिम दिल्ली के नरेला में प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद कुमार की हत्या के दो दिन बाद पुलिस ने मामले में तीन संदिग्ध शूटरों को गिरफ्तार किया है। रोहिणी डिस्ट्रिक्ट स्पेशल स्टाफ और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने रोहिणी इलाके में मुठभेड़ के बाद आरोपियों को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, फायरिंग के दौरान दोनों तरफ से करीब 14 राउंड गोलियां चलीं। जवाबी कार्रवाई में दीपक पहलवान और नीतिक के पैर में गोली लगी, जबकि एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है।
जिम के बाहर प्रमोद कुमार पर हुई थी फायरिंग
42 वर्षीय प्रमोद कुमार नरेला में ‘मुकुल गार्डन’ नाम से बैंक्वेट हॉल चलाते थे और ‘मुकुल प्रॉपर्टीज’ के जरिए रियल एस्टेट कारोबार से भी जुड़े थे। दो दिन पहले वह रोजाना की तरह जिम पहुंचे थे। आरोप है कि जिम के बाहर पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर कई गोलियां चला दीं, जिससे उनकी मौत हो गई। जांच में पुलिस को यह जानकारी मिली कि प्रमोद को पहले से रंगदारी के लिए धमकियां मिल रही थीं। सुरक्षा को देखते हुए वह अपने दोस्त की बुलेटप्रूफ कार का इस्तेमाल करते थे। घटना वाले दिन वह कार से उतरकर जिम की ओर बढ़े और इसी दौरान हमलावरों ने उन्हें निशाना बना लिया।
रोहिणी में घेराबंदी के दौरान पुलिस से मुठभेड़
हत्याकांड की जांच कर रही टीमों को तकनीकी निगरानी और मुखबिरों से इनपुट मिला था कि वारदात में शामिल शूटर रोहिणी इलाके में मौजूद हैं। इसके बाद स्पेशल स्टाफ ने संदिग्धों की घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, टीम ने आरोपियों को सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी गोलीबारी की। करीब 14 राउंड फायरिंग के बाद दीपक पहलवान और नीतिक के पैर में गोली लगी और दोनों घायल होकर गिर पड़े। इसके बाद पुलिस ने दोनों को काबू किया और उनके साथ मौजूद एक नाबालिग आरोपी को भी हिरासत में ले लिया। घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
हिमांशु भाऊ गैंग से कनेक्शन की जांच
पुलिस की शुरुआती जांच में इस हत्याकांड के तार विदेश में बैठे गैंगस्टर हिमांशु भाऊ के गैंग से जुड़े होने की बात सामने आई है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि रंगदारी से जुड़े विवाद के चलते प्रमोद कुमार की हत्या की गई। हालांकि, पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर वारदात की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।
Read More
लखनऊ मेट्रो का बढ़ेगा दायरा, 10 नए कॉरिडोर हुए प्रस्तावित, शहर की कनेक्टिविटी को मिलेगी रफ्तार…

