जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) में एक प्रोफेसर पर यौन उत्पीड़न और नंबरों के बदले सेक्सुअल फेवर मांगने के गंभीर आरोप लगे हैं. मई में हुई वाइवा परीक्षा के बाद छात्रों के एक WhatsApp ग्रुप में हुई बातचीत से इस पूरे मामले का भंडाफोड़ हुआ. परीक्षा के दौरान प्रोफेसर के अनुचित व्यवहार से आहत एक छात्रा ने जब अपना कड़वा अनुभव साझा किया, तो अन्य छात्र भी आगे आए और अपने साथ हुई ऐसी ही घटनाओं का खुलासा किया. इसके बाद कुल 11 छात्रों ने यूनिवर्सिटी की इंटरनल कंप्लेंट्स कमिटी (ICC) में प्रोफेसर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई.
अतिरिक्त नंबरों का लालच और घर की पार्टियों में बुलाने का आरोप
शिकायत में छात्रों ने प्रोफेसर पर वाइवा के दौरान यौन संकेत देने वाली भाषा का इस्तेमाल करने और अपनी इच्छाएं पूरी करने के एवज में अतिरिक्त अंक देने का प्रस्ताव रखने का संगीन आरोप लगाया है. छात्रों का कहना है कि उत्पीड़न केवल वाइवा तक सीमित नहीं था. प्रोफेसर पर छात्रों को कैंपस स्थित अपने आवास पर पार्टियों के बहाने बुलाकर यौन संबंध बनाने की कोशिश करने और क्लास में भी अश्लील या आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के आरोप लगे हैं.
सेमेस्टर ब्रेक के बाद फिर गरमाया मामला और जांच जारी
मई में शिकायत दर्ज होने के तुरंत बाद यूनिवर्सिटी में 45 दिनों की सेमेस्टर छुट्टियां हो गई थीं. जुलाई में छुट्टियां खत्म होने और कक्षाएं शुरू होने के बाद कैंपस में यह मुद्दा एक बार फिर गरमा गया. इस बीच एक और नई शिकायत सामने आने के बाद कुछ वरिष्ठ छात्रों समेत अन्य लोग भी समान आरोपों के साथ आगे आए हैं. ICC ने फिलहाल इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए इसे एक आंतरिक और विचाराधीन जांच बताया है. JNU प्रशासन की ओर से भी अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
पूर्व में भी फैकल्टी मेंबर पर हो चुकी है कड़ी कार्रवाई
JNU कैंपस में सीनियर फैकल्टी मेंबर से जुड़ा यौन उत्पीड़न का यह कोई पहला मामला नहीं है. इससे पहले पिछले साल अप्रैल में यूनिवर्सिटी की एग्जीक्यूटिव काउंसिल ने यौन उत्पीड़न के आरोपों के तहत चार कर्मचारियों को बर्खास्त किया था. इनमें स्कूल ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज के सीनियर प्रोफेसर स्वर्ण सिंह भी शामिल थे, जिन्हें जापानी दूतावास के एक अधिकारी से जुड़े यौन उत्पीड़न के मामले में सेवा से निष्कासित कर दिया गया था.
READ MORE: दिल्ली सत्य निकेतन हादसे में फरार मालिक हरिराम बंसल राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार

