रक्षाबंधन से पहले उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार(Yogi government) ने महिलाओं के लिए बड़ा फैसला लिया है। कैबिनेट बैठक में कुल 24 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई, जिनमें 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का महत्वपूर्ण निर्णय शामिल है। सरकार के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस योजना की शुरुआत बुधवार को करेंगे।
इस योजना के लागू होने के बाद 60 वर्ष से ज्यादा उम्र की महिलाओं को रोडवेज की बसों में सफर करने के लिए किराया नहीं देना होगा। यात्रा के दौरान उम्र की पुष्टि के लिए महिलाओं को आधार कार्ड या वोटर आईडी दिखानी होगी। सरकार ने इस योजना को लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना नाम दिया है। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के मुताबिक, इसके तहत पात्र महिलाओं को परिवहन निगम की सभी बसों में आजीवन निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।
करीब एक करोड़ महिलाओं को लाभ
सरकार का कहना है कि इस योजना से प्रदेश की बड़ी संख्या में बुजुर्ग महिलाओं को फायदा मिलेगा। साल 2011 की जनगणना के आधार पर करीब 81 लाख महिलाओं के लाभान्वित होने का अनुमान है, जबकि मंत्री ने लाभार्थियों की संख्या एक करोड़ से अधिक होने की बात कही है।
250 इलेक्ट्रिक बसों को भी मंजूरी
कैबिनेट ने परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 250 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद को भी मंजूरी दी है। इनमें 42 और 52 सीटों वाली बसें शामिल होंगी। इसके अलावा रक्षाबंधन के अवसर पर 26, 28 और 29 अगस्त को परिवहन निगम की बसों में महिलाओं के लिए पहले की तरह मुफ्त यात्रा की सुविधा जारी रहेगी।
यह सुविधा 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त रात 12 बजे तक लागू रहेगी। यह फैसला खास तौर पर बुजुर्ग महिलाओं के लिए राहत देने वाला माना जा रहा है, क्योंकि इससे उन्हें प्रदेश में रोडवेज बसों से यात्रा करने के लिए किराया खर्च नहीं करना पड़ेगा।