BJP Meeting Ludhiana: लुधियाना में भारतीय जनता पार्टी की अहम संगठनात्मक बैठक में 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष, पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल ढिल्लों और मनप्रीत बादल समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और चुनाव से पहले जमीनी स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाना रहा।
बीएल संतोष ने कार्यकर्ताओं को किया संबोधित
बीएल संतोष मंगलवार को फिरोजपुर रोड स्थित होटल ली बैरन में बीजेपी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने जगराओं, खन्ना, रायकोट और लुधियाना से जुड़े वरिष्ठ नेताओं, जिला अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों, कोर कमेटी सदस्यों और प्रमुख कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों का फीडबैक लिया।
बूथ कमेटियों को प्रभावी बनाने के निर्देश
बैठक में बीएल संतोष ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बूथ कमेटियों को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही जिन इलाकों में अभी तक बूथ कमेटियों का गठन नहीं हुआ है, वहां जल्द से जल्द कमेटियां गठित करने को कहा गया।
कार्यकर्ताओं से लोगों के बीच पहुंच बढ़ाने की अपील
बीएल संतोष ने कार्यकर्ताओं से कहा कि उनकी भूमिका केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्हें आम लोगों के साथ व्यक्तिगत संपर्क मजबूत करना चाहिए और समाज के बीच लगातार सक्रिय रहना चाहिए। इसके जरिए पार्टी और जनता के बीच बेहतर संबंध कायम करने पर जोर दिया गया।
सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होने की सलाह
बैठक में कार्यकर्ताओं को लोगों के जन्मदिन और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होने की सलाह दी गई। साथ ही कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे अपने कार्यक्रमों में भी स्थानीय लोगों को आमंत्रित करें। पार्टी का मानना है कि इस तरह व्यक्तिगत संपर्क बढ़ाने से आपसी भाईचारा मजबूत होगा और संगठन का जनाधार भी बढ़ेगा।
Read More:

