OpenAI First Device: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बढ़ती लोकप्रियता के बीच OpenAI अब हार्डवेयर मार्केट में कदम रखने की तैयारी कर रही है। Bloomberg की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी का पहला बड़े पैमाने पर लॉन्च होने वाला डिवाइस 2027 तक बाजार में आ सकता है। इसकी अनुमानित कीमत 300 से 400 डॉलर यानी करीब 25 से 35 हजार रुपये हो सकती है।
छोटा डोनट या हॉकी पक जैसा डिजाइन
रिपोर्ट के अनुसार, OpenAI का यह AI डिवाइस आकार में छोटा डोनट या हॉकी पक जैसा हो सकता है। इसकी खास बात यह होगी कि इसे घर में किसी एक तय जगह पर प्लग लगाकर रखने की जरूरत नहीं होगी। यूजर इसे आसानी से उठाकर अलग-अलग जगह ले जा सकेगा।
स्क्रीन के बिना करेगा काम
इस डिवाइस की सबसे बड़ी खासियत इसका स्क्रीनलेस डिजाइन बताया जा रहा है। इसमें डिस्प्ले के बजाय माइक्रोफोन, स्पीकर, कैमरा और आसपास के वातावरण को समझने वाले सेंसर दिए जा सकते हैं। यानी यूजर को जानकारी लेने या AI से काम कराने के लिए लगातार फोन की स्क्रीन देखने की जरूरत नहीं होगी।
आवाज से समझेगा यूजर की कमांड
OpenAI का यह गैजेट कंपनी की एडवांस conversational AI तकनीक पर आधारित हो सकता है। यूजर इससे बातचीत करके सवाल पूछ सकेगा, जानकारी हासिल कर सकेगा और अलग-अलग कामों में AI की मदद ले सकेगा। यह स्मार्ट होम डिवाइस को कंट्रोल करने, सवालों के जवाब देने और मीडिया चलाने जैसे काम भी कर सकता है।
लाइट और मूविंग पार्ट्स दिखाएंगे स्थिति
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि डिवाइस में लाइटिंग एलिमेंट्स और कुछ मूविंग मैकेनिकल पार्ट्स हो सकते हैं। इनकी मदद से यूजर समझ सकेगा कि डिवाइस उसकी बात सुन रहा है, जवाब तैयार कर रहा है या किसी दूसरे काम में व्यस्त है। इससे बातचीत का अनुभव ज्यादा नैचुरल और इंटरैक्टिव बनाने की कोशिश की जा सकती है।
समय के साथ समझेगा पसंद-नापसंद
माना जा रहा है कि यह AI डिवाइस समय के साथ अपने मालिक के व्यवहार, स्वभाव और पसंद-नापसंद को समझने में सक्षम हो सकता है। इससे यूजर को ज्यादा पर्सनल और व्यक्तिगत AI अनुभव मिलने की उम्मीद है।
बैटरी से कहीं भी इस्तेमाल की उम्मीद
इस डिवाइस में रिचार्जेबल बैटरी दिए जाने की भी संभावना है। अगर ऐसा होता है तो यूजर इसे बिना लगातार प्लग से जोड़े अलग-अलग जगह इस्तेमाल कर सकेगा। कैमरा और सेंसर इसे आसपास के माहौल को समझने में भी मदद कर सकते हैं।
Apple से कानूनी विवाद भी सामने आया
OpenAI के हार्डवेयर प्रोजेक्ट को लेकर Apple के साथ कानूनी विवाद भी चर्चा में है। Apple ने कंपनी पर भविष्य के हार्डवेयर से जुड़े ट्रेड सीक्रेट्स के गलत इस्तेमाल का आरोप लगाया है। OpenAI ने इन आरोपों से इनकार किया है और कहा है कि उसका पहला हार्डवेयर प्रोडक्ट मौजूदा Apple डिवाइस से अलग दिशा में विकसित किया जा रहा है।
सिर्फ स्मार्ट स्पीकर तक सीमित नहीं योजना
पहली नजर में यह डिवाइस Amazon Echo और Google Nest जैसे स्मार्ट स्पीकर को चुनौती दे सकता है, लेकिन OpenAI की योजना इससे कहीं बड़ी बताई जा रही है। कंपनी AI को ऐसे हार्डवेयर में पहुंचाना चाहती है, जहां यूजर को हर काम के लिए स्मार्टफोन की स्क्रीन पर निर्भर न रहना पड़े। भविष्य में स्मार्ट ग्लास, AI वियरेबल, AI पिन और होम रोबोट जैसे प्रोडक्ट्स भी इस दिशा का हिस्सा हो सकते हैं।
Read More:

