PM Modi New Zealand Visit: PM मोदी आज से न्यूजीलैंड के दो दिवसीय राजकीय दौरे पर रहेंगे। यह करीब चार दशक बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली आधिकारिक न्यूजीलैंड यात्रा है। इससे पहले, साल 1986 में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी ने न्यूजीलैंड का दौरा किया था। प्रधानमंत्री अपने छह दिवसीय विदेश दौरे के अंतिम चरण में ऑस्ट्रेलिया से न्यूजीलैंड पहुंचेंगे।
द्विपक्षीय वार्ता पर रहेगा फोकस
दौरे की शुरुआत न्यूजीलैंड सरकार के साथ द्विपक्षीय वार्ता से होगी। ऑकलैंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने समकक्ष क्रिस्टोफर लक्सन से मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं के बीच व्यापार, रक्षा, निवेश, प्रौद्योगिकी समेत कई अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर बातचीत होगी। इसके अलावा दोनों देशों के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर भी बातचीत होने की संभावना है।
व्यापार-रणनीतिक साझेदारी पर होगी बातचीत
भारत और न्यूजीलैंड के बीच आर्थिक संबंधों को नई मजबूती देने के उद्देश्य से व्यापारिक सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा। इसके साथ ही रक्षा, निवेश और नई तकनीकों में साझेदारी को आगे बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श होगा। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक सहयोग को मजबूत करने और भारत की एक्ट ईस्ट नीति को गति देने के लिहाज से इस यात्रा को अहम माना जा रहा है।
उद्योग जगत-खेल कार्यक्रम में होंगे शामिल
प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे के दौरान उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियों से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वह एक बिजनेस इवेंट और एक स्पोर्टिंग इवेंट में भी हिस्सा लेंगे, जहां दोनों देशों के बीच अलग-अलग क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर बातचीत होगी।
भारतीय समुदाय को करेंगे संबोधित
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ऑकलैंड में भारतीय समुदाय के एक बड़े कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे। उनके स्वागत के लिए भारतीय समुदाय ने किया ओरा मोदी कार्यक्रम का आयोजन किया है, जिसमें करीब 40 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है।
भारत-न्यूजीलैंड संबंधों को मिलेगी नई गति
करीब 40 साल बाद हो रही किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह यात्रा भारत-न्यूजीलैंड संबंधों के लिए अहम मानी जा रही है। माना जा रहा है कि इस दौरे से व्यापार, रक्षा, निवेश और प्रौद्योगिकी सहित कई क्षेत्रों में सहयोग को नई गति मिलेगी और दोनों देशों के रिश्ते पहले से अधिक मजबूत होंगे।
Read More:
शराब कंपनियों पर FSSAI का बड़ा एक्शन, बिना इजाजत फ्लेवर मिलाने और उम्र के झूठे दावों पर भेजा नोटिस

