उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ(CM Yogi) ने शनिवार को गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं। महंत दिग्विजयनाथ सभागार के सामने आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 200 फरियादी अपनी-अपनी समस्याएं लेकर समाधान की आशा से पहुंचे थे। CM योगी ने सभी की शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए और कहा कि प्रत्येक मामले का जल्द से जल्द निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जनता दर्शन के दौरान स्वास्थ्य से जुड़े कई मामले भी सामने आए। एक महिला ने दिल्ली के एम्स में चल रहे अपने इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। इसके बाद CM योगी ने राहत कोष से संभव मदद उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। वहीं, डायलिसिस से जुड़ी समस्या लेकर पहुंची दूसरी महिला के मामले में उन्होंने अधिकारियों को गोरखपुर स्थित एम्स या बीआरडी मेडिकल कॉलेज में उचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जरूरतमंद मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
अवैध कब्जे पर होगी कार्रवाई
कार्यक्रम के दौरान एक महिला ने आवास न होने की समस्या बताई। इस पर CM योगी ने अधिकारियों को सरकारी आवास योजना के तहत जांच कर जल्द लाभ दिलाने के निर्देश दिए। वहीं, जमीन और मकान पर कथित अवैध कब्जे की शिकायत मिलने पर उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति को दबंगई या भू-माफियाओं के जरिए दूसरों की संपत्ति पर कब्जा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने पुलिस और प्रशासन को ऐसे मामलों में कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शिक्षा पर दिया जोर
जनता दर्शन में अपने परिजनों के साथ पहुंचे बच्चों से CM योगी मिले और उनसे खुश होकर बातचीत भी की। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट देकर उनके चेहरे पर मुस्कान लाई और अभिभावकों से उनकी नियमित पढ़ाई पर खास ध्यान देने की अपील की। इसके साथ ही CM योगी ने कहा कि शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है।
गोशाला और मंदिर में किया दर्शन-पूजन
जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर की गोशाला का निरीक्षण किया और गोवंश को गुड़-रोटी खिलाई। CM योगी ने गोशाला में देखभाल कर रहे कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने गुरु गोरखनाथ के दर्शन किए और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार का उद्देश्य हर जरूरतमंद तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और जनता की समस्याओं का प्रभावी समाधान करना है।