अमृतसर पुलिस(Amritsar Commissionerate Police) ने नाकाबंदी के दौरान अवैध हथियारों की एक खेप को जब्त कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में जुड़े आरोपियों की तलाश जारी है। पंजाब पुलिस के महानिदेशक गौरव यादव (आईपीएस) ने रविवार को अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट के जरिए जानकारी दी कि अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो 9एमएम सब-मशीन गन और एक खाली मैगजीन बरामद की है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस हथियारों की खेप का संबंध गैंगस्टर गुरप्रीत सिंह उर्फ गोल्डी ढिल्लों से हो सकता है। आशंका जताई जा रही है कि इन हथियारों का इस्तेमाल पंजाब में आपराधिक और देश विरोधी गतिविधियों के लिए किया जाना था।
जांच में जुटी पुलिस
इस मामले में अमृतसर के छेहरटा थाने में आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस फरार आरोपियों की पहचान करने और इस नेटवर्क के पूरे जाल को खत्म करने के लिए गहन जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि उनका मकसद सिर्फ आरोपियों को पकड़ना नहीं, बल्कि पूरे गिरोह को जड़ से खत्म करना है।
पंजाब पुलिस अपनी जीरो-टॉलरेंस नीति के तहत अवैध हथियारों, संगठित अपराध और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है, ताकि राज्य में कानून-व्यवस्था बनी रहे और लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे।
पहले भी पकड़ा जा चुका है तस्करी नेटवर्क
कुछ दिन पहले ही अमृतसर की काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने एक बड़े हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया था। इस दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से 10 विदेशी पिस्टल और कई मैगजीन बरामद की गई थीं।
जांच में यह भी सामने आया था कि ये आरोपी विदेशी गैंगस्टरों के निर्देश पर काम कर रहे थे और पाकिस्तान स्थित तस्करों के साथ मिलकर सीमा पार से हथियार भारत में लाने की कोशिश कर रहे थे। इन हथियारों को पंजाब में आपराधिक तत्वों तक पहुंचाने की साजिश रची जा रही थी।