Wednesday, March 4, 2026
Home Current News कांग्रेस वरिष्ठ नेता सुरेंद्र सिंह मदान का निधन, 73 वर्ष की आयु...

कांग्रेस वरिष्ठ नेता सुरेंद्र सिंह मदान का निधन, 73 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस

Advertisement

हरियाणा के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेंद्र सिंह मदान का मंगलवार देर रात निधन हो गया। वे 73 वर्ष के थे। जानकारी के अनुसार, मदान नोएडा में एक पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे, जहां रात करीब 2 बजे उन्हें अचानक सांस लेने में तकलीफ हुई। परिजन उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिवार और सामाजिक जीवन

सुरेंद्र सिंह मदान कैथल की सनसिटी में अपने परिवार के साथ रहते थे। परिवार में उनकी पत्नी अनिल मदान, पुत्र मानव मदान, पुत्रवधू रश्मि और दो पोते रेहान व जैतिक हैं। उनकी दो बेटियां रितिका और रिया हैं, जो विवाहित हैं। क्षेत्र में वे पंजाबी समाज के एक प्रमुख चेहरे के रूप में पहचान रखते थे।

1987 में पहली बार बने विधायक

सुरेंद्र सिंह मदान ने 1987 में लोकदल के टिकट पर कैथल से चुनाव जीतकर पहली बार विधानसभा में प्रवेश किया। तत्कालीन मुख्यमंत्री चौधरी देवीलाल ने उन्हें लोक संपर्क विभाग और उड्डयन मंत्री बनाया था। 1991 के विधानसभा चुनाव से पहले वे कांग्रेस में शामिल हो गए और दूसरी बार विधायक निर्वाचित हुए।

सुरेंद्र सिंह मदान के निधन से कैथल और हरियाणा की राजनीति में शोक की लहर है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनके निधन पर संवेदना व्यक्त की है।