HomeBreaking Newsकनाडा की मोस्ट वांटेड लिस्ट में नंबर-1 पर गोल्डी बराड़, पकड़वाने वाले...

कनाडा की मोस्ट वांटेड लिस्ट में नंबर-1 पर गोल्डी बराड़, पकड़वाने वाले को मिलेगा करोड़ों रुपये का इनाम

Goldy Brar on Canada Most Wanted List: अमेरिका के बाद अब कनाडा में भी गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कनाडा की जांच एजेंसियों ने उसे पकड़ने के लिए तलाश तेज कर दी है। कनाडा के बोलो प्रोग्राम (BOLO Program) ने 19 नवंबर 2026 को जारी अपनी नई टॉप-25 मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में गोल्डी बराड़ को पहले स्थान पर रखा है। उसकी गिरफ्तारी में मददगार जानकारी देने वाले व्यक्ति को 2.5 लाख कनाडाई डॉलर यानी करीब 2.33 करोड़ रुपये तक का इनाम दिया जाएगा। यह इनाम 2 नवंबर 2027 तक उपलब्ध रहेगा। गोल्डी बराड़ पर कनाडा में हत्या और आपराधिक साजिश जैसे गंभीर आरोप हैं।

क्या है गोल्डी बराड़ का असली नाम?

गोल्डी बराड़ का असली नाम सतिंदरजीत सिंह है। BOLO प्रोग्राम ने लोगों से उसकी तलाश में मदद करने की अपील की है। एजेंसियों के मुताबिक, ऐसी जानकारी देने पर इनाम मिलेगा, जिससे कनाडा या अमेरिका में उसकी गिरफ्तारी संभव हो सके। इस मामले में उसके कथित साथी करनबीर सिंह पर भी इनाम घोषित किया गया है।

विन्निपेग में सुखदूल सिंह गिल की हत्या का आरोप

कनाडा पुलिस को गोल्डी बराड़ की तलाश 20 सितंबर 2023 को विन्निपेग में हुई एक हत्या के मामले में है। उस पर 39 वर्षीय सुखदूल सिंह गिल की हत्या का आरोप लगाया गया है। पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन सुबह करीब 10 बजे विन्निपेग के उत्तर-पश्चिमी इलाके में हेजलटन ड्राइव स्थित एक घर में गोलीबारी हुई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां सुखदूल सिंह गिल मृत पाए गए।

मामले की जांच विन्निपेग पुलिस की होमिसाइड यूनिट ने शुरू की थी। इस जांच में रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP), मैनिटोबा जस्टिस और कनाडा की अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने भी सहयोग किया। लंबी जांच के बावजूद गोल्डी बराड़ और करनबीर सिंह का पता नहीं चल सका है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ जारी हुए गिरफ्तारी वारंट

इस मामले में 23 फरवरी 2026 को गोल्डी बराड़ और करनबीर सिंह के खिलाफ आरोप तय करने की मंजूरी दी गई थी। दोनों पर फर्स्ट डिग्री मर्डर यानी पहली श्रेणी की हत्या और हत्या की साजिश रचने के आरोप लगाए गए। इसके बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी किए गए।

कनाडा पुलिस के अनुसार, गोल्डी बराड़ की उम्र 32 साल और करनबीर सिंह की उम्र 26 साल है। दोनों के खिलाफ देशभर में गिरफ्तारी वारंट जारी हैं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि दोनों हथियारों से लैस और खतरनाक हो सकते हैं। ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि वे खुद उनसे संपर्क करने या पकड़ने की कोशिश न करें, बल्कि किसी भी जानकारी को सीधे पुलिस तक पहुंचाएं।

अमेरिका में भी गोल्डी बराड़ पर 10 लाख डॉलर का इनाम

कनाडा से पहले अमेरिका भी गोल्डी बराड़ के खिलाफ कार्रवाई कर चुका है। 7 जुलाई 2026 को अमेरिकी अटॉर्नी कार्यालय ने ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के नतीजों की घोषणा की थी। इस कार्रवाई में सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को लॉरेंस बिश्नोई के संगठित अपराध गिरोह में कथित भूमिका को लेकर आरोपी बनाया गया था।

अमेरिकी एजेंसियों के मुताबिक, उस पर ब्रिटिश कोलंबिया में एक प्रमुख भारतीय हस्ती की हत्या से जुड़े मामले में भी आरोप हैं। गोल्डी बराड़ को FBI की टॉप-10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में शामिल किया गया है। FBI ने उसकी गिरफ्तारी में मददगार जानकारी देने वाले व्यक्ति को 10 लाख अमेरिकी डॉलर तक का इनाम देने की घोषणा की है।

कनाडा पुलिस ने लोगों से की जानकारी देने की अपील

विन्निपेग पुलिस के डिप्टी चीफ कैम मैककिड ने कहा कि कनाडा की कानून प्रवर्तन एजेंसियां अपने शहरों और पूरे देश को इस तरह की हिंसा से सुरक्षित रखने के लिए सख्त कार्रवाई करती रहेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कनाडा इस तरह की हिंसा को स्वीकार नहीं करता और ऐसे मामलों की जांच लगातार जारी रहेगी।

विन्निपेग पुलिस ने गोल्डी बराड़ और करनबीर सिंह के बारे में जानकारी रखने वाले लोगों से संपर्क करने की अपील की है। इसके लिए पुलिस ने (431) 334-9160 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है।

Read More:

चीन में दिया था आईडिया, अब दिल्ली में होगा साकार, पुराने किले में आज PM मोदी करेंगे SCO के पहले सभ्यता मंच का उद्घाटन

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments