दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI Delhi Airport) पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक मामला सामने आया है। यहां टर्मिनल-3 के डिपार्चर गेट पर एक व्यक्ति ने बिना वैध यात्रा दस्तावेजों के अंदर जाने की कोशिश की। हालांकि, वहां तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने उसकी हरकत को समय रहते भांप लिया और कुछ ही सेकंड में उसे पकड़ लिया।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना बुधवार देर रात की है। उस समय टर्मिनल-3 के प्रवेश द्वार पर CISF के जवान यात्रियों और आने-जाने वाले लोगों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक ऐसे व्यक्ति पर पड़ी, जो जरूरी यात्रा दस्तावेजों के बिना जबरन अंदर घुसने का प्रयास कर रहा था।
QRT की मदद से पकड़ा गया संदिग्ध
व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधि देखते ही सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई की। जवानों ने क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को इसकी जानकारी दी। इसके बाद टीम की मदद से संदिग्ध को घेरकर पकड़ लिया गया। CISF की इस त्वरित कार्रवाई के चलते एयरपोर्ट की सुरक्षा में संभावित चूक को टाल दिया गया।
CISF ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
CISF ने इस पूरी घटना की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की। बल के मुताबिक, जवानों की सतर्कता और तेजी से लिए गए फैसले की वजह से स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया गया।
CISF ने यह भी बताया कि एयरपोर्ट जैसे संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा के लिए उसके जवान लगातार निगरानी करते हैं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत प्रतिक्रिया देना उनकी ड्यूटी का अहम हिस्सा है।
संदिग्ध की पहचान और वजह का इंतजार
फिलहाल CISF की ओर से पकड़े गए व्यक्ति की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। उसने बिना वैध दस्तावेजों के टर्मिनल में घुसने की कोशिश क्यों की इस बारे में भी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
उसके खिलाफ आगे क्या कानूनी कार्रवाई की गई है इसकी जानकारी भी फिलहाल उपलब्ध नहीं है। इस घटना के बाद एक बार फिर एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और वहां तैनात जवानों की सतर्कता चर्चा में है।