HomeBreaking Newsझारखंड में इबोला को लेकर अलर्ट जारी, सरकार ने 24 घंटे निगरानी...

झारखंड में इबोला को लेकर अलर्ट जारी, सरकार ने 24 घंटे निगरानी के लिए दिया निर्देश

झारखंड में इबोला वायरस के संभावित खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। राज्य में अब तक संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन सरकार किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारी कर रही है। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने उच्चस्तरीय बैठक कर अधिकारियों को सभी अस्पतालों में जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही राज्य के सभी 24 जिलों में चौबीसों घंटे निगरानी और रिपोर्टिंग व्यवस्था मजबूत करने को कहा गया है।

RIMS से लेकर जिला अस्पतालों तक अलर्ट

स्वास्थ्य मंत्री ने RIMS, सभी मेडिकल कॉलेजों, सदर अस्पतालों और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों को केंद्र सरकार की गाइडलाइन के अनुसार तैयारी रखने को कहा है। निर्देश दिए गए हैं कि किसी संदिग्ध मरीज की पहचान होने पर तुरंत रिपोर्टिंग, जांच, आइसोलेशन और इलाज की व्यवस्था की जाए। अस्पतालों में अलग आइसोलेशन वार्ड, पर्याप्त PPE किट और जरूरी चिकित्सा संसाधन उपलब्ध रखने को कहा गया है। डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को संक्रमण से बचाव की ट्रेनिंग देने के निर्देश भी दिए गए हैं। संदिग्ध मरीजों के सैंपल सुरक्षित तरीके से रेफरेंस लैब तक पहुंचाने की व्यवस्था करने को कहा गया है। इसके अलावा एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी और जरूरी स्क्रीनिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। रांची के RIMS में 12 नवंबर को तैयारियों की जांच के लिए मॉक ड्रिल भी आयोजित की गई थी।

कैसे फैलता है संक्रमण?

स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक, इबोला एक गंभीर संक्रामक बीमारी है। संक्रमण के 2 से 21 दिनों के भीतर इसके लक्षण दिखाई दे सकते हैं। शुरुआत में तेज बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, कमजोरी और थकान महसूस हो सकती है। गंभीर स्थिति में मरीज को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत हो सकती है। कुछ मामलों में शरीर के अलग-अलग हिस्सों से रक्तस्राव भी हो सकता है। यह वायरस मुख्य रूप से संक्रमित व्यक्ति के खून और शरीर के अन्य तरल पदार्थों के सीधे संपर्क से फैलता है। संक्रमित वस्तुओं को छूने से भी संक्रमण का खतरा रहता है। हालांकि, यह सामान्य सर्दी-जुकाम की तरह हवा से नहीं फैलता।

लक्षण दिखें तो अस्पताल जाएं

इरफान अंसारी ने लोगों से घबराने और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी में संदिग्ध लक्षण दिखाई देने पर खुद इलाज करने के बजाय तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करना चाहिए।

स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और तैयारियों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल झारखंड में इबोला का कोई पुष्ट मामला नहीं है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग संभावित खतरे को देखते हुए निगरानी और अस्पतालों की तैयारियों पर नजर रख रहा है।

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments