HomeBreaking News‘3 दिन का राशन-पानी जमा कर लें’… ब्रिटेन सरकार की एडवाइजरी से...

‘3 दिन का राशन-पानी जमा कर लें’… ब्रिटेन सरकार की एडवाइजरी से क्यों बढ़ी चिंता?

दुनियाभर में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, युद्ध और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों के बीच ब्रिटेन सरकार(British government) ने नागरिकों को आपात स्थिति के लिए तैयार रहने की सलाह दी है। सरकार के ‘बी रेडी’ अभियान के तहत लोगों से कहा गया है कि वे अपने घरों में कम से कम 72 घंटे यानी तीन दिन तक काम आने वाला भोजन, पानी और जरूरी सामान रखें। इसका मकसद लोगों में डर पैदा करना नहीं बल्कि किसी संकट के दौरान उन्हें शुरुआती समय में आत्मनिर्भर बनाना है।

क्यों जरूरी समझी जा रही है तैयारी?

खराब मौसम, तूफान, साइबर हमलों और दूसरी आपात स्थितियों के कारण बिजली, पानी की आपूर्ति, इंटरनेट और डिजिटल भुगतान जैसी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। ऐसी परिस्थितियों में राहत और बचाव दल को हर व्यक्ति तक पहुंचने में समय लग सकता है। इसी वजह से सरकार चाहती है कि परिवार शुरुआती तीन दिनों तक अपनी बुनियादी जरूरतें खुद पूरी कर सकें।

इमरजेंसी किट में कौन-सा सामान रखें?

सरकार की आधिकारिक गाइडलाइन के मुताबिक, घर में जरूरत का सामान पहले से तैयार रखना चाहिए। इसमें ये चीजें शामिल हो सकती हैं:

  • पानी: हर व्यक्ति के लिए रोजाना करीब 3 लीटर पीने का पानी, यानी तीन दिन के लिए 9 लीटर।

  • खाने-पीने की चीजें: लंबे समय तक सुरक्षित रहने वाला ऐसा भोजन, जिसे पकाने या फ्रिज में रखने की जरूरत न हो।

  • रोशनी और चार्जिंग: टॉर्च, अतिरिक्त बैटरी और चार्ज किया हुआ पावर बैंक।

  • सूचना के साधन: बिजली या इंटरनेट बंद होने पर खबरें सुनने के लिए बैटरी या हाथ से चलने वाला रेडियो।

  • दवाएं और प्राथमिक उपचार: जरूरी नियमित दवाएं और फर्स्ट एड किट।

  • नकदी और जरूरी दस्तावेज: डिजिटल भुगतान बाधित होने की स्थिति के लिए कुछ नकदी और महत्वपूर्ण संपर्क नंबर।

इनके अलावा, छोटे बच्चों वाले परिवारों को दूध, बेबी फूड और डायपर रखने चाहिए। पालतू जानवरों के लिए भी भोजन और पानी की व्यवस्था जरूरी है।

सरकार ने घबराने के बजाय तैयारी करने को कहा

ब्रिटेन के सुरक्षा मंत्री डैन जार्विस ने लोगों से अपील की है कि वे छोटे-छोटे कदम उठाकर आपात स्थितियों से निपटने की तैयारी करें। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि लोगों को एक साथ ढेर सारा सामान खरीदने या बाजार में अफरा-तफरी मचाने की जरूरत नहीं है।

नागरिक पहले घर में उपलब्ध सामान की जांच करें और जरूरत के मुताबिक धीरे-धीरे कमी पूरी करें। ‘बी रेडी’ अभियान का उद्देश्य किसी संभावित युद्ध की घोषणा करना नहीं बल्कि खराब मौसम या जरूरी सेवाओं में अस्थायी रुकावट जैसी परिस्थितियों के लिए परिवारों को तैयार करना है।

यह भी पढ़ें : राहुल गांधी के मानहानि केस में आज फैसला, सुल्तानपुर कोर्ट में होंगे पेश…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments