राखी सावंत(Rakhi Sawant) एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के कमेंट सेक्शन में उन्होंने पाकिस्तान के रिएलिटी शो ‘तमाशा’ का हिस्सा बनने की इच्छा जाहिर की। उन्होंने कहा कि अगर शो का अगला सीजन दुबई में आयोजित होता है, तो वह इसमें शामिल होना पसंद करेंगी। ‘तमाशा’ को पाकिस्तान में रिएलिटी शो ‘बिग ब्रदर’ के फॉर्मेट पर बनाया गया है। भारत में इसी फॉर्मेट का लोकप्रिय रूप ‘बिग बॉस’ है।
अदनान सिद्दीकी ने क्या कहा?
राखी के बयान पर ‘तमाशा’ के होस्ट और पाकिस्तानी अभिनेता अदनान सिद्दीकी से एक इंटरव्यू में सवाल किया गया। उनसे पूछा गया कि अगर राखी शो में आती हैं तो क्या वह उन्हें संभाल पाएंगे?
अदनान ने मजाकिया अंदाज में कहा कि राखी का शो में आना उनके लिए किसी सपने जैसा होगा हालांकि उन्हें संभालना आसान नहीं होगा। उन्होंने यह भी माना कि अगर राखी ‘तमाशा’ का हिस्सा बनती हैं, तो शो काफी मनोरंजक हो सकता है।
जॉनी लीवर से मिली तारीफ
इंटरव्यू के दौरान अदनान सिद्दीकी ने बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन और अभिनेता जॉनी लीवर से जुड़ा एक किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि जॉनी लीवर ने उन्हें फोन कर उनके काम की तारीफ की थी। अदनान के मुताबिक, उनके लिए यह खास अनुभव था। उन्होंने यह भी कहा कि ‘तमाशा’ का भारत में लोकप्रिय होना उनके लिए बड़ी उपलब्धि है।
‘तमाशा 5’ और ‘बिग बॉस 20’
फिलहाल पाकिस्तान में ‘तमाशा’ का पांचवां सीजन चल रहा है जिसकी शुरुआत 8 अगस्त को हुई थी। वहीं, भारत में सलमान खान ‘बिग बॉस 20’ के साथ वापसी करने वाले हैं। शो 6 सितंबर से कलर्स टीवी पर प्रसारित होगा और इसे जियो हॉटस्टार पर भी स्ट्रीम किया जाएगा।
दोनों शो का मूल फॉर्मेट नीदरलैंड के रिएलिटी शो ‘बिग ब्रदर’ से जुड़ा है जिसे अलग-अलग देशों में अलग नाम और स्थानीय अंदाज के साथ पेश किया गया है।