न्यूजीलैंड का सबसे बड़ा शहर ऑकलैंड आज भारतीय संस्कृति की जीवंत तस्वीर पेश करता है। यहां कई इलाकों में भारतीय रेस्तरां, मंदिर, गुरुद्वारे और मसालों की दुकानें आसानी से नजर आती हैं। सड़कों पर हिंदी और पंजाबी जैसी भारतीय भाषाओं की गूंज सुनाई देती है। बड़ी संख्या में बसे भारतीय समुदाय की वजह से न्यूजीलैंड के इस हिस्से को अक्सर ‘मिनी इंडिया'(Mini India)कहा जाता है।
न्यूजीलैंड में भारतीय मूल के लोगों ने खेल से लेकर राजनीति तक अपनी अलग पहचान बनाई है। क्रिकेट में रचिन रविंद्र, ईश सोढ़ी और आदित्य अशोक जैसे खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व किया है। वहीं, राजनीति में भारतीय मूल के नेताओं ने भी बड़ी भूमिका निभाई है।
त्योहारों में दिखती है भारतीय परंपरा
न्यूजीलैंड में रहने वाला भारतीय समुदाय अपने त्योहारों और परंपराओं को पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ा रहा है। ऑकलैंड के माउंट वेलिंगटन जैसे क्षेत्रों में छठ पूजा का आयोजन होता है जहां भारतीय परंपराओं के साथ भोजपुरी गीत, पारंपरिक प्रसाद और सूर्य उपासना की झलक देखने को मिलती है। इसके अलावा दिवाली, होली, बैसाखी, नवरात्रि और ईद जैसे त्योहार भी बड़े स्तर पर मनाए जाते हैं।



