FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 मुकाबले से पहले एक बड़ा विवाद सामने आया है। FIFA ने अमेरिकी खिलाड़ी फोलारिन बालोगुन पर लगा एक मैच का बैन अस्थायी रूप से हटा दिया है। इस फैसले के बाद अब बालोगुन बेल्जियम के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले में USA की ओर से खेल सकेंगे। फीफा के इस फैसले पर बेल्जियम ने नाराजगी जाहिर करते हुए इसे खेल की निष्पक्षता के खिलाफ बताया है।
रिपोर्ट्स में ट्रंप के फोन कॉल का दावा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। दावा किया गया है कि ट्रंप ने फीफा अध्यक्ष से फैसले पर फिर से विचार करने को कहा, जिसके तुरंत बाद फीफा ने बालोगुन के मामले में राहत देने का फैसला लिया। हालांकि, रेड कार्ड को रद्द नहीं किया गया, लेकिन खिलाड़ी को आगामी मुकाबले में खेलने की अनुमति दे दी गई है।
Thank you to FIFA for doing what was right, and reversing a great injustice! President DONALD J. TRUMP
( TS: Jul 5 2026, 1:14 PM ET ) pic.twitter.com/rHJRnc8hto
— Commentary Donald J. Trump Truth Social Posts On X (@TrumpTruthOnX) July 5, 2026
FIFA ने फैसले पर क्या कहा?
FIFA ने अपने बयान में कहा कि फोलारिन बालोगुन के निलंबन को एक साल के लिए अस्थायी रूप से स्थगित किया गया है। यदि इस दौरान खिलाड़ी फिर किसी अनुशासनहीनता के मामले में आरोपी पाया जाता तो निलंबन स्थगित करने का फैसला रद्द किया जा सकता है और उन्हें अपनी सजा पूरी करनी होगी। फीफा ने यह भी साफ किया कि उसकी न्यायिक संस्था के पास इस कार्रवाई को पूरी तरह खत्म करने का अधिकार है।
ट्रंप ने जताया FIFA का आभार
बालोगुन को राहत मिलने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर FIFA का धन्यवाद किया। उन्होंने लिखा, “सही काम करने और एक बड़े अन्याय को सुधारने के लिए फीफा का धन्यवाद।”
बेल्जियम ने फैसले पर जताई नाराजगी
फोलारिन बालोगुन को बोस्निया एंड हर्जेनगोविना के खिलाफ पिछले मुकाबले में रेड कार्ड मिलने के कारण एक मैच के लिए निलंबित किया गया था। बैन हटने के बाद बेल्जियम के राजनेताओं और वहां के फुटबॉल अधिकारियों ने फीफा के फैसले का विरोध किया। उन्होंने कहा कि फीफा को ‘शर्म आनी चाहिए’ और यह फैसला वर्ल्ड कप की निष्पक्ष छवि को नुकसान पहुंचाने वाला है।
राउंड ऑफ 16 मुकाबले पर सबकी नजर
बालोगुन पर लगा बैन हटने के बाद अब बेल्जियम और USA के बीच होने वाला राउंड ऑफ 16 मुकाबला और भी चर्चा में आ गया है। फीफा के फैसले और उस पर उठे सवालों ने मैच से पहले ही नए विवाद को जन्म दे दिया है। हालांकि, फीफा अपने फैसले को नियमों के तहत लिया गया कदम बता रहा है, जबकि बेल्जियम इसे खेल की निष्पक्षता पर सवाल खड़ा करने वाला फैसला मान रहा है।
Read More:

