राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह लंबे इंतजार के बाद आखिरकार मॉनसून(Delhi Monsoon) ने अपनी मौजूदगी दर्ज करा ली है। शहर के अलग-अलग हिस्सों में तेज बारिश शुरू होने के बाद उमस और गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली है। दक्षिण और मध्य दिल्ली में बारिश का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला जहां कई जगहों पर सड़कों पर पानी बहता नजर आया।
ओखला औद्योगिक क्षेत्र समेत आस-पास के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है। सड़कों पर तेज बारिश के चलते कुछ स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई जिससे यातायात की रफ्तार धीमी पड़ती हुई भी नजर आ रही है। वाहनों को निकलने में दिक्कत हो रही है और कई जगह लंबा जाम जैसा माहौल भी देखने को मिल रहा है। हालांकि, बारिश के बाद दिल्ली का मौसम काफी सुहावना हो गया है और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने पहले ही दी थी चेतावनी
भारतीय मौसम विभाग ने पहले ही दिल्ली-NCR में मॉनसून के सक्रिय होने और मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई थी। इसके साथ ही निचले इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम होने को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह भी दी गई थी। विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में भी राजधानी और आसपास के इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
प्रशासन ने लोगों से की अपील
लगातार बारिश के कारण तुगलकाबाद बायो डाइवर्सिटी पार्क और आसपास के क्षेत्रों में भी पानी भर गया। नगर निगम और संबंधित एजेंसियों की टीमें जल निकासी के काम में जुट गईं हैं और कई स्थानों पर पंप लगाकर पानी हटाने का काम किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से लोगों को बिना जरूरत यात्रा से बचने और सावधानी बरतने की अपील की गई है।