Delhi Encounter: दक्षिण दिल्ली के पुष्प विहार इलाके में दिल्ली पुलिस के स्पेशल स्टाफ और एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) की टीम ने देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी मुठभेड़ के बाद हुई, जिसमें दोनों पक्षों के बीच फायरिंग भी हुई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बाइक, हथियार और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किया है।
प्रिंस तेवतिया गैंग से जुड़े आरोपी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राकेश उर्फ राका, सोनू उर्फ अड्डू और भारत के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में तीनों का संबंध प्रिंस तेवतिया गैंग से बताया जा रहा है। पुलिस अब इनके आपराधिक इतिहास और गैंग से जुड़े अन्य नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया गया जाल
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों की मौजूदगी की सूचना मुखबिरों के जरिए मिली थी। सूचना के आधार पर स्पेशल स्टाफ और AATS की टीम ने इलाके में घेराबंदी की। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
दोनों तरफ से चली 6-6 राउंड गोलियां
पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने पुलिस टीम पर छह राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी छह राउंड गोलियां चलाईं। इस दौरान राकेश और सोनू के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरे आरोपी भारत को पीछा कर पकड़ लिया गया। घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई पुलिस की जान
मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की ओर से चलाई गई गोलियां हेड कांस्टेबल संदीप और अरविंद की बुलेटप्रूफ जैकेट से टकराईं। जैकेट पहने होने के कारण दोनों पुलिसकर्मी सुरक्षित रहे और किसी बड़े हादसे से बच गए। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने भी इसे बड़ी राहत बताया।
हथियार और अन्य सामान बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से हथियारों के अलावा अन्य संदिग्ध सामान भी बरामद किया है। बरामद सामग्री की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों से गैंग की गतिविधियों और अन्य आपराधिक मामलों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
कई पुलिस अधिकारी रहे ऑपरेशन का हिस्सा
इस अभियान में स्पेशल स्टाफ और AATS की टीम के कई अधिकारी शामिल रहे। ऑपरेशन में सब-इंस्पेक्टर अभिमन्यु, अमित, मनीष फोगाट, साजिद, नवदीप, एएसआई विनीत, एएसआई पदम समेत अन्य पुलिसक वालों ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण तीनों आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली।
आगे की जांच जारी
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और यह भी पता लगाया जाएगा कि आरोपी हाल के किन-किन आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं।
Read More:

