Florida Firing: अमेरिका के फ्लोरिडा में शनिवार देर रात गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। तल्लाहसी में एक फुटबॉल स्टेडियम के पास हुई अंधाधुंध फायरिंग में कम से कम 12 लोग घायल हो गए। घायलों में 6 वयस्क और 6 नाबालिग शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
स्टेडियम के बाहरी परिसर में चली गोलियां
स्थानीय पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, गोलीबारी फ्लोरिडा एएंडएम यूनिवर्सिटी (FAMU) के ब्रैग मेमोरियल स्टेडियम के बाहरी परिसर में हुई। जिस समय यह वारदात हुई, वहां एक कार्यक्रम चल रहा था। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
11 लोगों को लगी गोली
तल्लाहसी पुलिस विभाग के मुताबिक, कुल 12 घायलों में से 11 लोगों को सीधे गोली लगी है। पीड़ितों में 6 वयस्क और 6 नाबालिग हैं। पुलिस ने बताया कि घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय किया गया।
तीन घायलों की हालत बेहद गंभीर
पुलिस के अनुसार, गोलीबारी में घायल हुए कम से कम तीन लोगों की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। वहीं, अन्य नौ घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंच गईं। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल पुलिस गोलीबारी के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। वारदात में कौन शामिल था और गोलीबारी के पीछे क्या वजह थी, इसकी जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आने की उम्मीद है।
Read More:
कठुआ में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन, पुलिस ने 42 वाहन जब्त किए

