Ghaziabad Encounter: गाजियाबाद में पुलिस और गांजा तस्करों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से दो आरोपी पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हुए हैं। दोनों के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपियों के कब्जे से 21 किलो गांजा, दो तमंचे और इस्तेमाल किए गए कारतूस बरामद हुए हैं।
इंदिरापुरम से हिंडन बैराज की ओर जा रहे थे
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ गांजा तस्कर इंदिरापुरम की तरफ से हिंडन बैराज की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर SWAT, सर्विलांस और विजय नगर पुलिस की टीम ने इलाके में चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद पुलिस ने बिना नंबर प्लेट वाली स्कूटी पर तीन संदिग्धों को आते देखा।
पुलिस को देखते ही भागने लगे
पुलिस टीम ने संदिग्धों को रोकने की कोशिश की, लेकिन पुलिस को देखते ही तीनों स्कूटी लेकर भागने लगे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी स्कूटी से पुश्ता रोड की तरफ भागे। रास्ता कच्चा होने के कारण कुछ दूर जाने के बाद अचानक स्कूटी फिसल गई और तीनों सड़क पर गिर पड़े।
जमीन पर गिरकर भी पुलिस पर फायरिंग
पुलिस टीम ने तीनों को घेरने की कोशिश की। आरोप है कि जमीन पर गिरने के बाद भी आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी अनस को दो गोलियां और दिलशाद को एक गोली पैर में लगी।
दो घायल, तीसरा आरोपी मौके से गिरफ्तार
फायरिंग में घायल अनस और दिलशाद को पुलिस ने हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। वहीं तीसरे आरोपी असलम को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल से आरोपियों के हथियार और इस्तेमाल किए गए कारतूस भी बरामद किए।
तस्करी में इस्तेमाल स्कूटी भी कब्जे में
पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 21 किलो गांजा बरामद किया है। इसके अलावा दो तमंचे और इस्तेमाल किए गए कारतूस मिले हैं। पुलिस ने उस स्कूटी को भी कब्जे में ले लिया है, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर गांजा तस्करी के लिए किया जा रहा था। स्कूटी पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी।
अनस पर 18 से ज्यादा मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी अनस पहले से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। वह पुलिस रिकॉर्ड में हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ 18 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दिलशाद और असलम के क्राइम रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि दोनों के खिलाफ पहले से कितने मामले दर्ज हैं।
नेटवर्क की जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के पास 21 किलो गांजा कहां से आया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस तस्करी नेटवर्क में आरोपियों के साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
Read More:

