उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा(Greater Noida) की पंचशील ग्रीन्स-2 सोसायटी के बाहर बुधवार सुबह एक सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, कार चलाना सीख रही महिला के हाथों अचानक कार अनियंत्रित हो गई और स्कूल बस का इंतजार कर रहे बच्चों की ओर बढ़ गई। इस हादसे में पांच बच्चों को हल्की चोटें आईं हैं। राहत की बात यह रही कि किसी बच्चे को गंभीर नुकसान नहीं हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, सुबह के समय सोसायटी में रहने वाले बच्चे रोज की तरह स्कूल बस का इंतजार करने के लिए मेन गेट के बाहर खड़े थे। तभी वहां से गुजर रही कार का चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। देखते ही देखते कार बच्चों से टकरा गई जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला को कार चलाने का बहुत कम अनुभव था जिस वजह से अचानक कार का संतुलन अचानक बिगड़ गया था। हालांकि, इस एक्सीडेंट को लेकर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
जांच के बाद तय होगी कानूनी कार्रवाई
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। वहीं, इस घटना ने रिहायशी इलाकों में गाड़ी चलाना सीखते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत को एक बार फिर सामने ला दिया है।