Ratan Tata Niece Maya Tata: टाटा ग्रुप के रिटेल कारोबार से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नोएल टाटा की बेटी और रतन टाटा की भतीजी माया टाटा को ट्रेंट लिमिटेड के मुख्य फैशन ब्रांड Westside के ऑनलाइन बिजनेस और ओवरसीज ई-कॉमर्स मार्केटिंग की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। 37 साल की माया टाटा की यह नई भूमिका ऐसे समय में सामने आई है, जब Westside अपने डिजिटल कारोबार को तेजी से बढ़ाने के साथ-साथ विदेशी बाजारों में भी अपनी मौजूदगी मजबूत कर रहा है। हालांकि, इस संबंध में ट्रेंट लिमिटेड की ओर से अभी तक कोई बयान जारी नहीं किया गया है।
नोएल टाटा की रणनीति से जुड़ा फैसला
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस पूरे बदलाव के पीछे ट्रेंट लिमिटेड के चेयरमैन नोएल टाटा की अहम भूमिका मानी जा रही है। नोएल टाटा इस साल नवंबर में रिटायर होने वाले हैं। ऐसे में ग्रुप के प्रमुख व्यवसायों में नई पीढ़ी को अहम जिम्मेदारियां देने की दिशा में इसे एक बड़ा फैसला माना जा रहा है।
टाटा डिजिटल के बाद नई जिम्मेदारी
माया टाटा इससे पहले टाटा डिजिटल में काम करतीं थीं, जहां से उन्होंने हाल ही में इस्तीफा दिया है। टाटा डिजिटल में करीब 17,000 करोड़ रुपये के नुकसान की खबरों के बीच अब उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने की खबर है। डिजिटल कॉमर्स, ऑनलाइन रिटेल और ग्राहक अनुभव को बेहतर बनाने का उनका अनुभव अब Westside के डिजिटल विस्तार में अहम भूमिका निभा सकता है।
ग्रुप के अलग-अलग बिजनेस में नई पीढ़ी की भूमिका
टाटा डिजिटल से पहले माया टाटा, टाटा कैपिटल के टाटा अपॉर्चुनिटीज फंड में भी काम कर चुकी हैं। उनके भाई नेविल टाटा ट्रेंट के हाइपरमार्केट बिजनेस ‘स्टार बाजार’ की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, जबकि उनकी बड़ी बहन ग्रुप के होटल कारोबार से जुड़ी हुई हैं। ऐसे में टाटा परिवार की नई पीढ़ी धीरे-धीरे ग्रुप के अलग-अलग बिजनेस में लीडरशिप की भूमिका निभाती नजर आ रही है।
कौन हैं माया टाटा?
माया टाटा हमेशा मीडिया से दूर रहना पसंद करती हैं। वो टाटा ट्रस्ट्स के मौजूदा चेयरमैन नोएल टाटा की सबसे छोटी बेटी हैं। उनका जन्म साल 1989 में मुंबई में हुआ था। उन्होंने यूनाइटेड किंगडम की यूनिवर्सिटी ऑफ वारविक से पढ़ाई पूरी की और इसके बाद लंदन के बिजनेस स्कूल से बिजनेस मैनेजमेंट और फाइनेंस की डिग्री हासिल की। बताया जाता है कि उन्होंने टाटा ग्रुप में अपने करियर की शुरुआत बेहद शुरुआती स्तर से की थी और उन्हें रतन टाटा के मार्गदर्शन में काम करने का अवसर भी मिला था।
Westside के विस्तार में निभाएंगी बड़ी भूमिका
ट्रेंट लिमिटेड के लिए Westside सबसे अहम ब्रांड्स में शामिल है। कंपनी की कुल आय का करीब 40% हिस्सा अकेले Westside से आता है। कंपनी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के साथ-साथ ऑफलाइन नेटवर्क को भी लगातार बढ़ा रही है। उसका लक्ष्य हर साल Westside के लगभग 50 नए स्टोर खोलने का है। वित्त वर्ष 2026 के दौरान कंपनी ने 53 नए स्टोर शुरू किए थे।
विदेशी बाजार पर भी कंपनी की नजर
Westside ने हाल ही में UAE में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय स्टोर शुरू कर वैश्विक बाजार में कदम रखा है। कंपनी अब भारतीय फैशन ब्रांड को दुनिया के दूसरे देशों तक पहुंचाने की रणनीति पर काम कर रही है। ऐसे में डिजिटल मार्केटिंग और ऑनलाइन कारोबार की भूमिका पहले से अधिक अहम हो गई है। माना जा रहा है कि माया टाटा की लीडरशिप में Westside अपने डिजिटल और वैश्विक कारोबार को नई गति देने की कोशिश करेगा।
ट्रेंट लिमिटेड का लगातार बढ़ता कारोबार
टाटा ग्रुप की रिटेल कंपनी ट्रेंट लिमिटेड, Westside के अलावा जुडियो और स्टार बाजार जैसे फेमस ब्रांड्स को भी चलाती है। वित्त वर्ष 2026 तक कंपनी का कुल राजस्व लगभग 19,700 करोड़ रुपये रहा। वहीं, उसका रिटेल नेटवर्क देश के 321 शहरों में फैल चुका है, जहां कंपनी के कुल 1,286 स्टोर संचालित हो रहे हैं। ऐसे में माया टाटा की संभावित नई जिम्मेदारी को कंपनी के डिजिटल और अंतरराष्ट्रीय विस्तार की रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
Read More:
Dalai Lama Birthday: 91वें जन्मदिन पर PM मोदी ने दी बधाई, शांति और मानवता के संदेश को बताया प्रेरणा

