दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालकाजी-गोविंदपुरी फ्लाईओवर के पास स्थित एक रेस्टोरेंट में रविवार तड़के भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेज थी कि रेस्टोरेंट के अंदर रखे तीन कमर्शियल LPG सिलेंडर एक के बाद एक फट गए।
सुबह 4:45 बजे मिली आग लगने की सूचना
दिल्ली अग्निशमन विभाग के मुताबिक, सुबह करीब 4:45 बजे H-ब्लॉक स्थित पंजाबी तड़का रेस्टोरेंट में आग लगने की सूचना मिली। रेस्टोरेंट अंजली जूलर्स और देशबंधु गुप्ता कॉलेज के पास स्थित है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।
9 दमकल विभाग की गाड़ियां पहुंचीं
शुरुआत में मौके पर 2 वाटर टेंडर, 3 वाटर बाउजर और 1 ब्रेथिंग सपोर्ट यूनिट भेजी गई थी। आग की गंभीरता को देखते हुए सुबह 5:05 बजे ‘मेक-4’ कॉल घोषित की गई, जिसके बाद अन्य दमकल वाहनों को मौके पर रवाना किया गया। आग बुझाने के अभियान में कुल 9 दमकल वाहन लगाए गए, जिनमें 3 वाटर टेंडर, 4 वाटर बाउजर, 1 ब्रेथिंग सपोर्ट यूनिट और 1 मल्टीपर्पज वाहन शामिल थे।
दूसरी मंजिल से बुजुर्ग महिला का रेस्क्यू
राहत अभियान के दौरान दमकलकर्मियों ने इमारत की दूसरी मंजिल पर फंसी 70 से 75 वर्षीय सीता देवी को सुरक्षित बाहर निकाला। अधिकारियों के अनुसार, जिस भवन में आग लगी, उसमें बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर, तीन मंजिलें और तीसरी मंजिल की छत पर एक अस्थायी ढांचा भी मौजूद था।
जांच में जुटा दमकल विभाग
कई घंटों की मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग को काफी हद तक कम कर दिया। फिलहाल कूलिंग ऑपरेशन जारी है ताकि आग दोबारा न भड़क सके। अधिकारियों ने बताया कि घटना में किसी अन्य के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।
Read More
‘तारीख तय नहीं…’ शांति समझौते को लेकर मुकर गया ईरान, ट्रंप के दावों को बताया फर्जी! होर्मुज पर भी कर दिया बड़ा खुलासा