गर्मी बढ़ने के साथ ही आग लगने की घटनाएं भी तेजी से सामने आ रही हैं। ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र स्थित त्यागी मार्केट(Ghaziabad Market) से सामने आया है, जहां गोल चक्कर के पास अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने एक दर्जन से अधिक दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है।
आग की इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोगों की चिंता इसलिए भी बढ़ गई क्योंकि मार्केट के चारों ओर ऊंची रिहायशी इमारतें हैं, पास में भारी यातायात रहता है और ठीक बगल में एक सीएनजी पंप भी मौजूद है। यदि आग और फैलती तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। हालांकि, गाजियाबाद और नोएडा से पहुंची दमकल की टीमों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग की ऊंची लपटें और आसमान में उठता काला धुआं लोगों के बीच डर का कारण बना रहा लेकिन राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
पास की सोसायटी तक पहुंची आग
इस आग का असर पास की एक हाईराइज सोसायटी तक भी पहुंचा। जानकारी के मुताबिक, मार्केट से करीब 200 मीटर दूर स्थित अजनारा सोसाइटी की 20वीं मंजिल के एक फ्लैट तक आग की लपटें पहुंच गईं। सौभाग्य से उस समय फ्लैट में कोई मौजूद नहीं था। दमकल विभाग ने तुरंत दो अलग-अलग टीमें बनाकर मार्केट और फ्लैट दोनों जगहों पर आग बुझाने का काम किया।
दमकल विभाग के अधिकारी ने कही ये बात
दमकल विभाग के अधिकारी राहुल पाल के मुताबिक, गाजियाबाद के सभी फायर स्टेशनों के साथ-साथ नोएडा से भी गाड़ियां मंगाई गईं और कुल 10 दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। उन्होंने यह भी बताया कि जांच में यह पहलू सामने आया है कि जिस जमीन पर यह मार्केट बनी है वह किसी निजी व्यक्ति की हो सकती है। अब यह भी जांच का विषय है कि मार्केट वैध है या अवैध। अधिकारियों का कहना है कि यदि पहले से इस तरह की जांच और सुरक्षा इंतजाम किए गए होते, तो शायद इस घटना से बचा जा सकता था। अच्छी बात यह रही कि इतनी बड़ी आग के बावजूद किसी तरह की जान-माल की बड़ी क्षति नहीं हुई।