HomeBreaking Newsतमिलनाडु में एक ही परिवार के 5 लोगों का कुएं में मिला...

तमिलनाडु में एक ही परिवार के 5 लोगों का कुएं में मिला शव, पुलिस ने शुरू की जांच

तमिलनाडु के करूर जिले में एक खेत के कुएं से एक ही परिवार के पांच लोगों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों में बुजुर्ग दंपती, उनकी बेटी और बेटी के दो छोटे बच्चे शामिल हैं। बुधवार शाम गांव के लोगों ने कुएं में शव देखे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पांचों शव बाहर निकलवाए और जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान 63 वर्षीय रामासामी, उनकी 60 वर्षीय पत्नी जानकी, 35 वर्षीय बेटी सुगुना, 10 वर्षीय शिवानी और 4 वर्षीय अथिरन के रूप में हुई है।

पति से विवाद के बाद बच्चों के साथ मायके आई थी सुगुना

पुलिस के मुताबिक, सुगुना की शादी करीब 13 साल पहले वेलायुथमपलायम निवासी प्रभु से हुई थी। दोनों के दो बच्चे थे। पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी वजह से सुगुना 15 नवंबर को अपने दोनों बच्चों को लेकर मायके आ गई थी। वह करूर के वेंगमेडु इलाके के कोंगु नगर में अपने माता-पिता रामासामी और जानकी के साथ रह रही थी। मायके आने के कुछ ही दिन बाद परिवार के पांचों सदस्यों के शव खेत के कुएं में मिलने की घटना सामने आई है।

पुलिस ने निकाले पांचों शव

बुधवार शाम चिनाकलियापालयम गांव के कुछ लोगों ने खेत में बने कुएं में शव उतराते हुए देखे। यह खेत रामासामी के परिवार का बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर वंगल पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद कुएं से पांचों शव बाहर निकाले गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से इलाके में शोक और चिंता का माहौल है।

पारिवारिक विवाद से जुड़ा है मामला या कोई दूसरी वजह?

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि परिवार के पांचों सदस्य कुएं तक कैसे पहुंचे और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। सुगुना और उनके पति के बीच विवाद की जानकारी भी जांच का हिस्सा है। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल पारिवारिक विवाद को पांचों मौतों की वजह नहीं बताया है और न ही किसी निष्कर्ष पर पहुंची है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के पीछे क्या परिस्थितियां थीं। एक ही परिवार के तीन वयस्कों और दो बच्चों की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएंगे।

Read More

देहरादून में सनसनीखेज वारदात! कूड़े के ढेर पर मिली 25-30 साल की महिला की लाश

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments