भारतीय रेलवे की आधुनिक ट्रेनों में शामिल वंदे भारत(Vande Bharat) एक्सप्रेस में सफर करना यात्रियों के लिए काफी सुविधाजनक है। लेकिन इस ट्रेन के नियमों की अनदेखी करना महंगा भी पड़ सकता है। ऐसा ही एक मामला कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर सामने आया, जहां अपने रिश्तेदारों को ट्रेन में छोड़ने पहुंचे 12 लोगों को 36 हजार रुपये का जुर्माना भरना पड़ा। दरअसल, ये सभी लोग ट्रेन के ऑटोमैटिक दरवाजे बंद होने के कारण अंदर ही फंस गए थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना रविवार को वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 22415) में हुई। ट्रेन सुबह करीब 9:26 बजे कानपुर सेंट्रल से रवाना होने वाली थी। इसी दौरान 12 लोग अपने परिजनों को ट्रेन के अंदर छोड़ने के लिए उसमें चढ़ गए। इसी बीच ट्रेन चलने लगी और उसके ऑटोमैटिक दरवाजे बंद हो गए। इससे पहले कि ये लोग नीचे उतर पाते ट्रेन कानपुर से आगे निकल चुकी थी। अचानक हुई इस घटना से सभी घबरा गए और उन्होंने ट्रेन में मौजूद कर्मचारियों से मदद मांगी।
79 मिनट बाद इटावा में रोकी गई ट्रेन
ट्रेन स्टाफ ने यात्रियों को बताया कि ऑटोमैटिक सिस्टम के कारण ट्रेन को तुरंत रोकना संभव नहीं है। स्थिति को देखते हुए कर्मचारियों ने टूंडला कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी दी।
इसके बाद रेलवे अधिकारियों ने ट्रेन को इटावा जंक्शन पर विशेष रूप से रुकवाया। ट्रेन सुबह करीब 10:50 बजे इटावा पहुंची। कानपुर से इटावा तक करीब 139 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद सभी 12 लोगों को ट्रेन से उतारा गया।
हर व्यक्ति को देना पड़ा 3 हजार रुपये जुर्माना
इटावा स्टेशन पर उतरने के बाद सभी लोगों को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) चौकी ले जाया गया। रेलवे के कमर्शियल विभाग ने बिना वैध टिकट या प्लेटफॉर्म टिकट के ट्रेन में यात्रा करने पर प्रत्येक व्यक्ति से 3,000 रुपये वसूले। इस तरह कुल 36,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। RPF इंस्पेक्टर दिनेश कुमार सिंह के मुताबिक, इन लोगों के पास प्लेटफॉर्म टिकट भी नहीं था।
साथ ही ट्रेन के अंदर हंगामा किए जाने की बात भी सामने आई थी। जुर्माना वसूलने के बाद सभी को छोड़ दिया गया और भविष्य में ऐसी गलती नहीं करने की चेतावनी दी गई। यह घटना बताती है कि यात्रियों को छोड़ने के लिए ट्रेन में चढ़ना भी नियमों के दायरे में आता है। इसलिए रेलवे स्टेशन पर बिना उचित टिकट के ट्रेन में चढ़ने से बचना चाहिए।