HomeBreaking Newsएलोवेरा जेल की आड़ में शराब तस्करी! सोनीपत से बिहार भेजी जा...

एलोवेरा जेल की आड़ में शराब तस्करी! सोनीपत से बिहार भेजी जा रही खेप का ऐसे हुआ पर्दाफाश

हरियाणा के सोनीपत में शराब तस्करी(Liquor smuggling) का मामला सामने आया है जहां एलोवेरा जेल के नाम पर शराब की बड़ी खेप गोदाम तक पहुंचाई गई। कुंडली थाना क्षेत्र के बारोटा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक वेयरहाउस में जांच के दौरान 85 बॉक्स से अंग्रेजी शराब के कुल 8160 पव्वे बरामद किए गए। बॉक्स पर एलोवेरा जेल लिखा था और बिल में भी इसी उत्पाद का जिक्र किया गया था।

जानकारी के मुताबिक, चंडीगढ़ से यह खेप शिवा इंटरप्राइजेज फ्रेंचाइजी के नाम पर गोदाम में पहुंची थी। शुरुआत में सामान को एलोवेरा जेल बताया गया लेकिन वेयरहाउस के ऑडिटिंग मैनेजर रविंद्र को खेप पर संदेह हुआ।

ऑडिटिंग मैनेजर की सतर्कता से खुला मामला

रविंद्र ने संदेह होने पर एक बॉक्स खोलकर जांच की। अंदर एलोवेरा जेल के बजाय अंग्रेजी शराब के पव्वे मिले। इसके बाद बाकी बॉक्स भी खोले गए जिनसे कुल 8160 पव्वे बरामद हुए।

जांच में यह भी सामने आया कि शराब की बोतलों पर बारकोड और होलोग्राम नहीं थे। बताया जा रहा है कि यह शराब केवल चंडीगढ़ में बिक्री के लिए निर्धारित थी। इसे ललित एजेंसी के जरिए बिहार की राजधानी पटना स्थित श्याम मार्केट भेजने की तैयारी थी।

पुलिस और आबकारी विभाग की जांच शुरू

मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस और आबकारी विभाग ने कार्रवाई शुरू की। आबकारी निरीक्षक सोमबीर की शिकायत के आधार पर कुंडली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

बताया गया है कि शराब की खेप लेकर आया वाहन चालक मौके से गाड़ी समेत फरार हो गया। पुलिस अब उसकी तलाश कर रही है। साथ ही ललित एजेंसी की भूमिका और शराब को चंडीगढ़ से बिहार भेजने की योजना से जुड़े लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस

पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि शराब की खेप किसने भेजी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है। ऑडिटिंग मैनेजर की सतर्कता के कारण शराब की बड़ी खेप का समय रहते पता चल गया। अब जांच के जरिए पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है।

यह भी पढ़ें : फरीदकोट में मनचलों की प्रताड़ना से परेशान BA छात्रा ने किया सुसाइड…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments