HomeBreaking Newsदिल्ली वालों सावधान! BRICS Summit की वजह से 11-13 सितंबर तक बदलेगा...

दिल्ली वालों सावधान! BRICS Summit की वजह से 11-13 सितंबर तक बदलेगा ट्रैफिक, 35 से ज्यादा सड़कें रहेंगी प्रभावित

BRICS Summit: ब्रिक्स सम्मेलन के मद्देनजर दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए जाएंगे। VVIP मूवमेंट और सुरक्षा इंतजामों को देखते हुए राजधानी की 35 से अधिक प्रमुख सड़कों पर यातायात नियंत्रित किया जाएगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को सलाह दी है कि वे प्रभावित मार्गों से बचें और अपनी यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें।

22 जगहों पर होगा डायवर्जन

ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार नई दिल्ली, मध्य दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली के कई महत्वपूर्ण मार्ग प्रभावित रहेंगे। इसके लिए 22 प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं। वाहन चालकों को जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्गों की ओर भेजा जाएगा।

इन प्रमुख सड़कों पर रहेगा असर

प्रभावित मार्गों में सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, राजेश पायलट मार्ग, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, टीज जनवरी मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड, मोती लाल नेहरू मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, सत्य मार्ग, ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, डा. जाकिर हुसैन मार्ग, शांति पथ, जनपथ, नीति मार्ग, अशोक रोड, पंचशील मार्ग, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, बाराखंभा रोड, केमल अतातुर्क मार्ग और जोसेफ ब्रोज टीटो मार्ग शामिल हैं।

भारत मंडपम जाने वालों के लिए खास व्यवस्था

भारत मंडपम की ओर जाने वाले रास्तों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। डा. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक (डब्ल्यू-प्वाइंट), राम चरण अग्रवाल चौक (ए-प्वाइंट), मीर दर्द चौक, कस्तूरबा गांधी मार्ग-आउटर सर्कल, जनपथ-कनाट प्लेस, पटेल चौक और आरएमएल अस्पताल समेत कई प्रमुख स्थानों पर वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा।

मथुरा रोड और तिलक मार्ग पर निगरानी

मथुरा रोड, तिलक मार्ग और भारत मंडपम की ओर जाने वाले मार्गों पर ट्रैफिक पुलिस की विशेष नजर रहेगी। इन रास्तों पर सुरक्षा और VVIP आवाजाही के अनुसार यातायात को नियंत्रित किया जा सकता है।

दक्षिणी दिल्ली में भी प्रभावित होंगे रास्ते

दक्षिणी दिल्ली में धौला कुआं फ्लाईओवर, सरदार पटेल मार्ग, मोती बाग फ्लाईओवर, शांति पथ, ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग और अफ्रीका एवेन्यू पर यातायात प्रभावित रहेगा। इसके अलावा लोधी रोड, अमृता शेरगिल मार्ग, मैक्स मुलर मार्ग, महर्षि रमन मार्ग और आर्चबिशप मैकारियस मार्ग से गुजरने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक रास्तों पर भेजा जा सकता है।

इन जगहों पर भी होगा डायवर्जन

मथुरा रोड पर लोधी फ्लाईओवर के नीचे, नीला गुंबद, ओबेराय फ्लाईओवर, डीपीएस मथुरा रोड के सामने यू-टर्न अंडरपास, रिंग रोड-भैरों मार्ग और मंडी हाउस को प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट के तौर पर चिन्हित किया गया है।

ट्रैफिक पुलिस ने की अपील

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से अनावश्यक रूप से नई दिल्ली और सम्मेलन स्थल के आसपास के मार्गों पर जाने से बचने तथा यात्रा से पहले वैकल्पिक रास्तों की योजना बनाने को कहा है।

Read More:

श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती पर पंजाब सरकार की ओर से कराया गया ड्रोन शो, बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments