अमृतसर में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा||(India-Pakistan border) के पास शनिवार रात सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने घुसपैठ की कोशिश कर रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को गोली मार दी। घटना दाऊके गांव के नजदीक सीमा चौकी के पास की बताई जा रही है जो थाना घरिंडा क्षेत्र में आता है। गोली लगने के बाद संदिग्ध की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, BSF के जवान सीमा क्षेत्र में सामान्य गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें कंटीली तार के आसपास झाड़ियों में हलचल नजर आई। जवानों ने सतर्कता दिखाते हुए संदिग्ध व्यक्ति को बाहर आने के लिए कहा। कुछ समय बाद वह झाड़ियों से बाहर आया और सीमा पर लगी कंटीली तार को पार करने की दिशा में आगे बढ़ने लगा।
जवानों ने उसे रुकने की चेतावनी दी और आगे नहीं बढ़ने को कहा। इसके बावजूद जब उसने तार की ओर बढ़ना जारी रखा, तो सुरक्षा की स्थिति को देखते हुए BSF जवानों ने फायरिंग की। गोली लगने से उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना की जानकारी मिलने पर थाना घरिंडा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। शुरुआती जानकारी में मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
तलाशी अभियान भी चलाया गया
पुलिस के मुताबिक, मृतक के पास से पहचान से जुड़ा कोई दस्तावेज नहीं मिला। हालांकि, उसके पास से तंबाकू का एक पैकेट बरामद हुआ है। घटना के बाद BSF ने सीमा से लगे आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया ताकि किसी अन्य संदिग्ध गतिविधि की पुष्टि की जा सके। फिलहाल पुलिस और BSF पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।